नगर निगम चुनाव में आरएलपी की एंट्री
पावटा में प्रधान कार्यालय का शुभारंभ
- सभी 100 वार्डों में प्रत्याशी उतारने की तैयारी
- टिकट दावेदारों और कार्यकर्ताओं के लिए बनाया गया चुनावी केंद्र
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),नगर निगम चुनाव में आरएल पी की एंट्री। नगर निगम चुनाव को लेकर जोधपुर में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के साथ अब राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने भी नगर निगम चुनाव को लेकर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में RLP की ओर से जोधपुर शहर के पावटा स्थित होटल बच्चन निवास में पार्टी के प्रधान चुनाव कार्यालय का शुभारंभ किया गया।
कार्यालय का उद्घाटन RLP जिला अध्यक्ष रामदीन तथा लूणी विधानसभा क्षेत्र से RLP प्रत्याशी बद्रीलाल प्रजापत सहित पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में किया गया। कार्यालय शुरू होने के साथ ही पार्टी ने जोधपुर नगर निगम चुनाव को लेकर अपनी चुनावी तैयारियों को औपचारिक रूप से गति देने का संदेश दिया है।
शहर के बीचोंबीच बनाया कार्यालय
RLP ने चुनाव कार्यालय के लिए पावटा जैसे शहर के प्रमुख और मध्यवर्ती क्षेत्र को चुना है। पार्टी नेताओं का कहना है कि शहर के बीचोंबीच कार्यालय होने से नगर निगम चुनाव में टिकट की दावेदारी करने वाले कार्यकर्ताओं और संभावित प्रत्याशियों को पार्टी से संपर्क करने में आसानी होगी। इसके साथ ही अलग-अलग वार्डों से आने वाले कार्यकर्ताओं के लिए चुनाव संबंधी गति विधियों,आवेदन और संगठनात्मक समन्वय का काम भी सुचारु रूप से किया जा सकेगा।
सभी 100 वार्डों में प्रत्याशी उतारने की तैयारी
पार्टी की ओर से जोधपुर नगर निगम के सभी 100 वार्डों में प्रत्याशी मैदान में उतारने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए वार्डवार संगठन को सक्रिय करने,संभावित प्रत्याशियों की तलाश करने और मजबूत दावेदारों को चिन्हित करने की कवायद शुरू होने की बात कही जा रही है।
एक ही दिन में पकड़े 807 वसूला 5.27लाख जुर्माना
RLP के कार्यालय शुभारंभ कार्यक्रम में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नगर निगम चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने तथा अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने पर जोर दिया। पार्टी कार्यकर्ताओं में भी चुनाव को लेकर उत्साह नजर आया।
टिकट दावेदारों के लिए अहम केंद्र बनेगा कार्यालय
नगर निगम चुनाव में RLP से टिकट की उम्मीद रखने वाले दावेदारों के लिए यह कार्यालय महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में काम करेगा। पार्टी सूत्रों के अनुसार, संभावित प्रत्याशियों से संपर्क,वार्ड स्तर की जानकारी जुटाने, कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करने और चुनावी रणनीति तैयार करने में कार्यालय की अहम भूमिका रहेगी।
जोधपुर नगर निगम चुनाव में RLP के सक्रिय होने से भाजपा और कांग्रेस के बीच होने वाले संभावित मुकाबले में तीसरे राजनीतिक विकल्प के रूप में RLP की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। खासतौर पर उन वार्डों में जहां पार्टी का संगठन मजबूत है,वहां RLP के प्रत्याशी चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकते हैं।
चुनावी मैदान में मुकाबला होगा रोचक
नगर निगम चुनाव की तैयारियों के बीच अब राजनीतिक दलों ने अपने-अपने स्तर पर संगठन को मजबूत करना शुरू कर दिया है। RLP द्वारा प्रधान कार्यालय शुरू करने और सभी 100 वार्डों में प्रत्याशी उतारने की तैयारी से जोधपुर की सियासत में हलचल और बढ़ गई है।
अब आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि RLP किन-किन वार्डों में अपने प्रत्याशियों को मैदान में उतारती है, टिकट वितरण में किन चेहरों पर भरोसा जताती है और भाजपा-कांग्रेस के सामने उसका चुनावी प्रदर्शन किस तरह का रहता है। यदि RLP मजबूत प्रत्याशियों के साथ सभी वार्डों में चुनाव लड़ती है तो नगर निगम चुनाव का मुकाबला कई वार्डों में त्रिकोणीय होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
