भाजपा की कोर टीम ने साधी चुनावी रणनीति
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),भाजपा की कोर टीम ने साधी चुनावी रणनीति। केंद्रीय संस्कृति व पर्यटन मंत्री सांसद गजेन्द्र सिंह शेखावत ने बुधवार को जोधपुर नगर निगम चुनाव को लेकर सांसद सेवा केन्द्र में सुबह 11 बजे से रात 11 बजे तक भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद किया। निगम चुनाव में भाजपा से दावेदारी करने वाले कार्यकर्ताओं से मुलाकात का सिलसिला सुबह से देर रात तक जारी रहा।
देर रात एक बार फिर शेखावत की मौजूदगी में चुनाव प्रबंधन से जुड़ी भाजपा की कोर टीम, चुनाव में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर रहे वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में नगर निगम चुनाव की रणनीति,व्यवस्थाओं और चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।
एक ही दिन में भाजपा की कोर टीम की यह दूसरी महत्वपूर्ण बैठक रही। बैठक में आगामी नगर निगम चुनाव में पार्टी की प्रचंड जीत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए विभिन्न संभावनाओं, चुनावी प्रबंधन और संगठनात्मक तैयारियों पर व्यापक चर्चा की गई।
बैठक में भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री संगीता यादव,नगर निगम निकाय चुनाव की संभाग प्रभारी एवं राजस्थान किसान आयोग के अध्यक्ष सीआर चौधरी,जोधपुर प्रभारी वरिष्ठ नेता ओंकार सिंह लखावत,राजस्थान मंत्री जोराराम कुमावत, प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी,सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी,नारायण सिंह देवल,भाजपा जिला अध्यक्ष,रविन्द्र सिंह बालावत,किशोर सिंह कानोड़ सहित अनेक प्रमुख वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
भाजपा नेताओं ने संगठन की मजबूती,कार्यकर्ताओं के समन्वय तथा चुनावी तैयारियों को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाने पर जोर दिया। शेखावत ने कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद को चुनावी अभियान की महत्वपूर्ण ताकत बताते हुए संगठन की एकजुटता के साथ विजय के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
