एक ही दिन में पकड़े 807 वसूला 5.27लाख जुर्माना
- टिकट जांच का ‘पंच’
- पिछले साल के मुकाबले मामले 32 फीसदी और कमाई 105 प्रतिशत बढ़ी
- डेगाना सेक्शन में ही बना डाले 424 मामले
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),एक ही दिन में पकड़े 807 वसूला 5.27लाख जुर्माना। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में मंगलवार को चले मेगा टिकट जांच अभियान में एक ही दिन में 807 मामले पकड़े गए और इससे रेलवे को 5 लाख 27 हजार 724 का राजस्व मिला।
खास बात यह रही कि पिछले साल की तुलना में मामलों में 32 फीसदी और कमाई में 105 प्रतिशत का बड़ा उछाल आया। औचक जांच से बेटिकट यात्रियों में हड़कंप मचा रहा।
जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देश पर सहायक वाणिज्य प्रबंधक बीके गौड़ के नेतृत्व में 25 अगस्त को औचक टिकट जांच की गई। डेगाना स्टेशन को बेस बनाकर हुई जांच में ही 424 मामले सामने आए और 2 लाख 66 हजार 200 रुपए की राजस्व वसूली हुई।
ट्रेनों में बिक रहा था अनधिकृत पानी रेलवे ने कसा शिकंजा
उन्होंने बताया कि इनमें 420 मामले बिना टिकट या अनियमित यात्रा के थे। इसके अलावा दो यात्रियों के धूम्रपान और दो अनधिकृत वेंडर के मामले भी पकड़े गए। यानी अभियान में टिकट जांच के साथ रेलवे नियमों के उल्लंघन पर भी नजर रही।
औचक जांच में 30 टीटीई और 7 आरपीएफ जवान मैदान में
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए 30 टीटीई और 7 आरपीएफ कर्मियों की टीम मैदान में उतरी। ट्रेनों और स्टेशनों पर औचक जांच से बिना टिकट यात्रा करने वालों पर अंकुश लगा और यात्रियों को भी नियमों के अनुसार टिकट लेकर सफर करने का संदेश मिला।
आंकड़े बता रहे अभियान की सफलता
उधर 25 अगस्त को मंडलभर में कुल 807 मामलों से 5.27 लाख रुपए की आय हुई। पिछले साल के मुकाबले आय में 105 प्रतिशत की वृद्धि इस बात का संकेत है कि नियमित और औचक जांच से टिकट लेकर यात्रा करने की प्रवृत्ति को बढ़ावा देने के साथ रेलवे राजस्व में भी मजबूती आ रही है। रेलवे का फोकस अब ‘जांच के साथ जागरूकता’ पर है, ताकि यात्री नियमों का पालन करते हुए सुविधाजनक और व्यवस्थित यात्रा कर सकें।
