Doordrishti News Logo

चोरी के दो ट्रैक्टर व ट्रॉलियां बरामद आरोपी गिरफ्तार

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),चोरी के दो ट्रैक्टर व ट्रॉलियां बरामद आरोपी गिरफ्तार। पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए प्रतापनगर और सूरसागर थाना क्षेत्र से चोरी किए गए दो ट्रैक्टर और दो ट्रॉलियां बरामद की हैं।

मासूम की मौत के बाद परिजनों का धरना प्रदर्शन

मामले में पुलिस ने जाजीवाल भाटियान बनाड़ निवासी महेश चौधरी को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह के चार अन्य आरोपियों को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी है।

पुलिस के अनुसार 14 जून की रात प्रतापनगर रॉयल्टी नाका के सामने खड़ा ट्रैक्टर ट्रॉली चोरी हो गया था। ट्रॉली में खंडा पत्थर भरे हुए थे। इसी तरह 17 जून की रात डालीबाई चौराहा स्थित सूर्यनारायण मंदिर के पास से ट्रैक्टर ट्रॉली चोरी होने तथा 20 जून को फिदूसर चौपड़ के पास से एक ट्रैक्टर चोरी होने की रिपोर्ट संबंधित थानों में दर्ज कराई गई थी।

लगातार हुई इन वारदातों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में प्रतापनगर, सूरसागर और राजीव गांधी नगर थाना पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। टीमों ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई। इसके साथ ही संदिग्ध मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड का विश्लेषण किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने देवाराम देवासी, इन्द्र कुमार,दिनेश और सुरजा राम उर्फ सूरज को पूर्व में गिरफ्तार किया था। इन सभी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। पुलिस ने देवाराम देवासी के खिलाफ संगठित अपराध की धारा भी जोड़ी है। जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस टीम ने आसूचना तंत्र और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर अब महेश चौधरी को गिरफ्तार किया।

उसकी निशानदेही पर प्रतापनगर और सूरसागर थाना क्षेत्रों में चोरी किए गए दो ट्रैक्टर और दो ट्रॉलियां बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार इसी गिरोह द्वारा राजीव गांधी नगर थाना क्षेत्र से चुराया गया एक ट्रैक्टर पूर्व में ही बरामद किया जा चुका है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों और चोरी के वाहनों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।