Doordrishti News Logo

व्हाट्सएप ग्रुप से लीक हो रही थी पुलिस की हर लोकेशन

  • बनाड़ थाना
  • बजरी माफिया का नेटवर्क बेनकाब
  • डम्पर पकड़ने के समय चालक के मोबाइल से मिले वॉयस मैसेज

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),व्हाट्सएप ग्रुप से लीक हो रही थी पुलिस की हर लोकेशन। सडक़ सुरक्षा अभियान और अवैध खनन पर कार्रवाई के समय जोधपुर पूर्व पुलिस की जिला विशेष शाखा ने एक ऐसे व्हाट्सएप ग्रुप का खुलासा किया है, जिसके जरिए पुलिस की लोकेशन साझा कर अवैध खनन एवं बजरी परिवहन में लगे वाहनों को सतर्क किया जा रहा था। मामले में बनाड़ थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चोरी के संदेह में महिला के बाल काटे

पुलिस के अनुसार जिला विशेष शाखा के एएस आई पुनीत त्यागी अपनी टीम के कांस्टेबल धनेश कुमार,महिपाल एवं खुशालराम के साथ 5 अगस्त की शाम सडक़ सुरक्षा अभियान के तहत डाउचा प्याऊ से जाजीवाल कला मार्ग पर निगरानी कर रहे थे। तब गोदारा की ढाणी के पास एक बिना नंबर का डम्पर तेज गति एवं लापरवाही से आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का संकेत देने पर चालक ने वाहन नहीं रोका, लेकिन टीम ने सावधानी पूर्वक डम्पर को रुकवा लिया।

आरंभिक जांच में लगा यह पता 
पूछताछ में चालक ने अपना नाम मंगलाराम पुत्र भागीरथ राम,निवासी कजनऊ कला खेड़ापा बताया। पुलिस ने चालक के मोबाइल की जांच की तो उसमें श्रीबालाजी गौ सेवा समिति नामक व्हाट्सएप ग्रुप पर लगातार वॉयस मैसेज प्राप्त हो रहे थे।

जांच में सामने आया कि ग्रुप में पुलिस टीमों की लोकेशन और कार्रवाई की सूचनाएं लगातार साझा की जा रही थीं,जिससे अवैध खनन एवं परिवहन में लगे वाहन पुलिस से बचकर निकल सकें। पुलिस ने मोबाइल में मिले वॉयस मैसेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस यह भी पता लगा रही है कि ग्रुप का संचालन कौन कर रहा था तथा इसमें कितने लोग शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन एवं परिवहन में सहयोग करने वाले सभी आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी