वाहनों पर PRESS लिखकर किए जा रहे दुरुपयोग के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने की मांग
-मारवाड़ प्रेस क्लब ने पुलिस आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
-फर्जी पत्रकारों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),वाहनों पर PRESS लिखकर किए जा रहे दुरुपयोग के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने की मांग। मारवाड़ प्रेस क्लब,जोधपुर ने शहर में वाहनों पर “PRESS” लिखकर किए जा रहे दुरुपयोग एवं फर्जी पत्रकारों की बढ़ती गतिविधियों पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस आयुक्त अंशुमन भोमिया को ज्ञापन सौंपकर विशेष अभियान चलाने की मांग की है।
सावन के पहले सोमवार पर शिव मंदिरों में उमड़ी भीड़
पुलिस कमिश्नर ने दिलाया कार्रवाई का विश्वास:-
पुलिस आयुक्त अंशुमन भोमिया ने ज्ञापन प्राप्त करने के बाद विश्वास दिलाया कि इस संबंध में नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कोई भी गैर पत्रकार यदि अपने वाहन पर “PRESS” लिखकर पाया जाता है तो उसके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
ज्ञापन में जताई गई प्रमुख चिंता:-
मारवाड़ प्रेस क्लब के अध्यक्ष राजीव गौड़ एवं सचिव चंद्रशेखर व्यास के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान में बड़ी संख्या में ऐसे लोग,जिनका पत्रकारिता से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है,अपने वाहनों पर PRESS लिखकर पुलिस जांच से बचने,अवैध गतिविधियों को अंजाम देने तथा आमजन पर अनुचित प्रभाव जमाने का प्रयास कर रहे हैं।
इससे न केवल कानून- व्यवस्था प्रभावित हो रही है,बल्कि वास्तविक एवं निष्पक्ष पत्रकारों की प्रतिष्ठा तथा पत्रकारिता की विश्वसनीयता भी प्रभावित हो रही है। क्लब ने बताया कि भारतीय प्रेस परिषद भी इस विषय पर पूर्व में चिंता जता चुकी है और राज्य सरकारों को नियम बनाने के सुझाव दिए थे,लेकिन आज तक प्रभावी व्यवस्था लागू नहीं हो सकी।
प्रदूषित पानी सड़क पर बहाने वाले ट्रैक्टर चालक को पकड़ा
क्लब की मांग:-
-जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट स्तर पर विशेष अभियान चलाकर PRESS लिखे वाहनों एवं संबंधित व्यक्तियों का सत्यापन कराया जाए।
-जिनके पास वैध अधिस्वीकृति अथवा पत्रकारिता का प्रमाण नहीं हो,उनके विरुद्ध कार्रवाई करते हुए वाहनों से PRESS हटवाया जाए।
-फर्जी पत्रकार बनकर अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल:-
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ पत्रकार ललित परिहार, इम्तियाज अहमद,ललित सिंह बडगूजर,सुनील दत्त, विक्रम दत्त,राजकुमार शर्मा शेलू,हरिकिशन शर्मा,दिलीप पुरोहित, मोहित हेड़ा,डॉ.सुरेश खटनवालिया,नरेंद्र कुमार ओझा,कृष्णा गौड़,जितेंद्र परिहार,संबितेश्वर पुरोहित,जितेंद्र दवे, माधव सिंह मेहरू,मनोज शर्मा,राजेश पुरोहित, प्रदीप बोहरा एवं निश्चल सोलंकी* शामिल थे।
जोधपुर मंडल में बन रहा देश का पहला आरडीएसओ डेडीकेटेड टेस्ट ट्रैक
अध्यक्ष एवं सचिव ने जताया विश्वास:-
मारवाड़ प्रेस क्लब के अध्यक्ष राजीव गौड़ एवं सचिव चंद्रशेखर व्यास ने विश्वास व्यक्त किया कि पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में जोधपुर पुलिस इस गंभीर विषय पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए पत्रकारिता की गरिमा, कानून-व्यवस्था और आमजन के विश्वास की रक्षा के लिए सकारात्मक पहल करेगी।
