भगत की कोठी स्टेशन पर डिजिटल लॉकर सुविधा प्रारंभ
सामान रखकर निश्चिंत घूम सकेंगे यात्री
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),भगत की कोठी स्टेशन पर डिजिटल लॉकर सुविधा प्रारंभ। उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा बढ़ाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उपनगरीय भगत की कोठी रेलवे स्टेशन पर अत्याधुनिक डिजिटल लॉकर सुविधा शुरू कर दी है। अब यात्री अपने सामान को सुरक्षित लॉकर में रखकर स्टेशन परिसर में आवश्यक कार्य निपटा सकेंगे या शहर में भी बेफिक्र होकर जा सकेंगे।
हेलिकॉप्टरों ने हवा में मार गिराए दुश्मन के ड्रोन
जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि यात्रियों को सुरक्षित,आधुनिक और डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्टेशन के मुख्य प्रवेश हॉल में यह सुविधा स्थापित की गई है। यात्री अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी आधारित लॉगिन कर, एक बार आवश्यक पंजीकरण (नाम एवं ई-मेल आईडी सहित) पूरा करने के बाद अपनी जरूरत के अनुसार लॉकर का चयन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि भुगतान की पूरी प्रक्रिया डिजिटल है। लॉकर पैनल पर प्रदर्शित क्यूआर कोड को स्कैन कर ऑनलाइन भुगतान करने के बाद लॉकर स्वतः सक्रिय हो जाता है और यात्री अपना सामान सुरक्षित रख सकते हैं।
डीआरएम के अनुसार स्टेशन पर मीडियम,लार्ज और एक्स्ट्रा लार्ज आकार के लॉकर उपलब्ध हैं। इन्हें 6 घंटे अथवा 24 घंटे की अवधि के लिए बुक किया जा सकता है। यह व्यवस्था विशेष रूप से उन यात्रियों के लिए उपयोगी है,जिन्हें ट्रेन के आगमन या प्रस्थान के बीच कुछ समय के लिए स्टेशन से बाहर जाना होता है। इससे उन्हें सामान की सुरक्षा की चिंता से मुक्ति मिलती है।
डिजिटल इंडिया अभियान की ओर रेलवे
रेलवे के अनुसार यह सुविधा पूरी तरह डिजिटल, सुरक्षित और उपयोग में सरल है। इससे पहले जोधपुर तथा बाड़मेर रेलवे स्टेशनों पर भी डिजिटल लॉकर सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है। रेलवे का मानना है कि इस पहल से यात्रियों की सुविधाएं बढ़ने के साथ-साथ डिजिटल इंडिया अभियान को भी मजबूती मिलेगी।
