Doordrishti News Logo

राम मंदिर चंदा चोरी प्रकरण की न्यायिक जांच हो: डॉ.अविजित

कांग्रेस की राम मंदिर ट्रस्ट के पुनर्गठन की मांग -कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),राम मंदिर चंदा चोरी प्रकरण की न्यायिक जांच हो: डॉ.अविजित। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ.अंशुल अविजित ने कथित राम मंदिर चंदा चोरी प्रकरण को धर्म और आस्था पर गहरी चोट बताते हुए इसकी न्यायिक जांच कराने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि मामले में अब तक की गई गिरफ्तारियां पर्याप्त नहीं हैं और पूरे प्रकरण के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। जोधपुर प्रवास के दौरान पत्रकारों से बातचीत में डॉ.अविजित ने आरोप लगाया कि राम मंदिर के नाम पर सत्ता में आने वाली भारतीय जनता पार्टी और उसके समर्थक संगठनों ने देशवासियों के विश्वास के साथ छल किया है। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण और उद्घाटन के समय इसे प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया,लेकिन अब सामने आए विवाद पर जिम्मेदार लोग चुप्पी साधे हुए हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों तक राम के नाम पर राजनीति करने के बाद सत्ता में आने पर राम मंदिर ट्रस्ट में अपने लोगों को स्थान दिया गया। डॉ. अविजित ने पूरे प्रकरण को चोरी,लूट और जनआस्था के साथ विश्वासघात बताते हुए वर्तमान राम मंदिर ट्रस्ट को भंग कर उसमें सभी वर्गों के सम्मानित प्रतिनिधियों को शामिल करते हुए नए ट्रस्ट के गठन की मांग की।

अब फटाफट होगी टिकट बुकिंग,आईआरसीटीसी ला रहा नया डिजिटल अवतार

पत्रकारों द्वारा कांग्रेस की ओर से कानूनी कार्रवाई किए जाने संबंधी प्रश्न पर उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। हालांकि उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को आमजन तक पहुंचाएगी और यदि सरकार नियमानुसार कार्रवाई नहीं करती है तो आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगी।

पोस्टर को लेकर भाजपा व कांग्रेस आमने-सामने ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ.अंशुल अविजित की प्रेस वार्ता के दौरान सर्किटहाउस परिसर में पोस्टर लगाने को लेकर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच विवाद की स्थिति बन गई। विवाद के दौरान पोस्टर फट गया।

जानकारी के अनुसार राज्य सरकार के वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के तहत लगाए गए स्टैंड पर कांग्रेस की प्रेस वार्ता का पोस्टर लगाया गया था। इसकी सूचना मिलने पर भारतीय जनता पार्टी के नेता पवन आसोपा सर्किट हाउस पहुंचे और सरकारी अभियान के स्टैंड पर कांग्रेस का पोस्टर लगाए जाने पर आपत्ति जताई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भाजपा पदाधिकारियों ने पोस्टर हटाने की मांग की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और खींचतान हुई,जिसमें पोस्टर फट गया। घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर तनावपूर्ण माहौल बन गया।