Doordrishti News Logo

कार-ट्रेलर की भिड़ंत में पति-पत्नी और बेटे की मौत

  • बेटी गंभीर घायल
  • कार के परखच्चे उड़े

जोधपुर/नागौर(दूरदृष्टीन्यूज), कार-ट्रेलर की भिड़ंत में पति- पत्नी और बेटे की मौत। बोरुन्दा कस्बे के जोधपुर जिले की सीमा के पास मेड़ता सिटी-नागौर जिले के बीटन में हुए ट्रेलर-कार हादसे में पति,पत्नी और बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

 इसे अवश्य पढ़िए –पावटा हॉस्पिटल का ऑपरेशन थियेटर सील

ट्रेलर कार को करीब 50 फीट घसीटते हुए पांच फीट की दीवार तोड़ते हुए एक मकान में घुस गया। हादसे में एक बच्ची को गंभीर हालत में निकटवर्ती सीएचसी बोरुन्दा में प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया है।

बोरुन्दा थानाधिकारी सुजाना राम विश्नोई ने बताया कि रविवार दोपहर बाद एक भीषण सडक़ हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और एक मासूम गंभीर रूप से घायल हो गई। बोरुन्दा से बिटन गांव की ओर जाने वाले स्टेट हाईवे 21 पर एचपी पेट्रोल पंप के पास टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

हादसे के समय कार में चार लोग सवार थे,जिनमें से श्रीनिवास यादव (35), पत्नी रीनु (32),पुत्र जयंत यादव (7) की मौत हो गई है। वहीं मृतक की पुत्री प्राची (10)को घायलावस्था में जोधपुर रेफर किया गया है। मृतक और घायल हरियाणा के रहने वाले हैं।

ट्रेलर कार एक्सीडेंट की सीमा नागौर जिले के जसनगर पुलिस थाना क्षेत्र में होने के चलते बोरुन्दा पुलिस निरीक्षक सुजानाराम विश्नोई ने जसनगर पुलिस थाना को सूचना दी। जहां से एएसआई सुगनाराम ग्वाला और कांस्टेबल राहुल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बोरुन्दा अस्पताल में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की।