Doordrishti News Logo

डरी सहमी रोशनी को मिली पुलिस की उम्मीद

  • परिजन से मिलते ही चेहरे पर लौटी मुस्कान
  • पांच साल की मासूम परिजन को पाकर खिल उठीं

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),डरी सहमी रोशनी को मिली पुलिस की उम्मीद। शहर के निकट राजीव गांधी नगर की सूरज बस्ती में पांच साल की मासूम अकेली घूमते मिली। पुलिस को सूचना मिली तो उसे संरक्षण में लिया। नाम पता पूछा तो वह केवल नाम ही बता पाई। आखिरकार पुलिस ने पांच किलोमीटर दूर उसके परिजन को पता लगाया। बच्ची अपने परिजन को पाकर खिल उठीं।

 इसे भी पढ़ें –बचकर भागते समय सन्नी की पीठ पर अजय धारू ने मारी थी गोली

पुलिस उपायुक्त पश्चिम कमल शेखावत ने बताया कि रविवार को अभय कमाण्ड केन्द्र,जोधपुर से सूचना प्राप्त हुई कि लगभग 5 वर्षीय एक बालिका,जिसका नाम रोशनी है जो सूरज बस्ती क्षेत्र में अकेली घूम रही है। इस पर पुलिस थाना राजीव गांधी नगर के हैड कांस्टेबल डूंगरसिंह एवं कांस्टेबल दिनेश सोढ़ा मय चेतक 18 के तत्काल रवाना होकर मौके पर पहुंचे तथा बालिका को सुरक्षित संरक्षण में लिया। बालिका डरी-सहमी हुई थी।

पूछताछ करने पर उसने अपना नाम रोशनी बताया, परंतु वह अपने निवास स्थान अन्य पारिवारिक जानकारी बताने में असमर्थ थी।इसके बाद हैड कांस्टेबल डूंगरसिंह एवं कांस्टेबल दिनेश द्वारा मानवीय संवेदनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए क्षेत्र में लगातार खोजबीन की गई। स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाते हुए तथा विभिन्न गलियों एवं मोहल्लों में पूछताछ करते हुए लगभग 5 किलोमीटर दूर नयापुरा चौखा क्षेत्र में बालिका के परिजनों का पता लगाया गया।

परिजनों की पहचान एवं आवश्यक सत्यापन के उपरांत बालिका रोशनी को सकुशल उनके सुपुर्द किया गया। अपनी पुत्री को सुरक्षित पाकर परिजनों ने भावुक होकर राजस्थान पुलिस एवं पुलिस थाना राजीव गांधी नगर के कार्मिकों का आभार व्यक्त किया।