तीन होटल और एक निजी स्कूल सीज
नोटिस के बावजूद नहीं लगाए फायर सिस्टम
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),तीन होटल और एक निजी स्कूल सीज। जोधपुर नगर निगम ने शुक्रवार को तीन होटलों सहित एक निजी स्कूल को सीज कर दिया। इन चारों जगहों पर फायर सेफ्टी सिस्टम नहीं थे। फायर सेफ्टी एनओसी के लिए इन्हें पहले भी नोटिस जारी किए गए थे,लेकिन इसके बावजूद प्रबंधन ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।
लापरवाही बरतने पर नगर निगम ने शहर के सुंदर इन, तुलसी इन,नसरानी होटल और एपेक्स भारती स्कूल को सीज करने की कार्रवाई की। इधर जब टीम रातानाड़ा स्थित स्कूल को सीज करने पहुंची,तो वहां मौजूद स्टाफ ने इसका विरोध किया।
उनका कहना था कि नोटिस मिलने के बाद वे निगम दफ्तर भी गए थे,लेकिन वहां कोई अधिकारी नहीं मिला। चीफ फायर ऑफिसर जलज घसिया ने बताया कि पिछले तीन साल में एक हजार से ज्यादा बिल्डिंग मालिकों को नोटिस दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद एनओसी नहीं ली गई,इसलिए अब सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है।
15 दिन में 1446 वाहनों पर पुलिस कार्रवाई
दरअसल,शहर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में आग लगने के बाद नगर निगम की ओर से फायर सेफ्टी को लेकर अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत पूर्व में भी एक होटल में सीज की कार्रवाई की गई थी।
शुक्रवार को भी टीम ने शहर के तीन होटल सुंदर इन,तुलसी इन और नसरानी होटल पहुंची। यहां फायर सेफ्टी सिस्टम नहीं होने पर स्टाफ को बाहर निकाला और इसे सीज किया गया। नसरानी होटल की बिल्डिंग के दूसरे हिस्से,जहां पर कपड़ों का शोरूम था,वहां भी टीम ने ताला लगाया और सीज की कार्रवाई की।
