कलक्टर ने कार्यक्रम स्थल अशोक उद्यान का किया निरीक्षण

  • योग दिवस की तैयारियां अंतिम दौर में
  • अधिक से अधिक भागीदारी के निर्देश

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),कलक्टर ने कार्यक्रम स्थल अशोक उद्यान का किया निरीक्षण।12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के जिला स्तरीय आयोजन को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट आलोक रंजन ने शुक्रवार को सम्राट अशोक उद्यान पहुंचकर तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

समयबद्ध तैयारियों के निर्देश
जिला कलक्टर ने पार्किंग, सुरक्षा,साफ-सफाई, पेयजल,चिकित्सा एवं अन्य आधारभूत व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सफल बनाने पर जोर दिया।

जनभागीदारी बढ़ाने पर फोकस
कलक्टर रंजन ने कहा कि 21 जून को होने वाले योग दिवस कार्यक्रम में सरकारी व गैर-सरकारी संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों,योगाभ्यासियों, पेंशनर्स तथा वरिष्ठ नागरिकों सहित आमजन की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए। इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता चलाने को कहा।

योग पोर्टल पर पंजीयन जरूरी
जिला कलक्टर ने आयुष मंत्रालय के “योग संगम” पोर्टल तथा राज्य सरकार के योग पोर्टल पर सभी योग स्थलों का समयबद्ध पंजीयन करने के निर्देश दिए।

आमजन से अपील
उन्होंने आमजन से 21 जून को अपने निकटतम योग स्थल पर पहुंचकर सामूहिक योगाभ्यास में भाग लेने और योग को स्वस्थ जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की है।

ये थे उपस्थित
निरीक्षण के दौरान जिला परिषद सीईओ आशीष कुमार मिश्रा,आयुर्वेद विभाग की उपनिदेशक एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. अंजू नागर,डॉ.मुकेश प्रजापत सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।