Doordrishti News Logo

23 जून को होंगी हिंदी प्रतियोगिताएं

राजभाषा को प्रोत्साहन

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),23 जून को होंगी हिंदी प्रतियोगिताएं। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में राजभाषा हिंदी के प्रचार- प्रसार तथा कर्मचारियों में भाषा के प्रति रुचि,उत्साह और सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से 23 जून को विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताएं मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय,जोधपुर के सभा कक्ष में आयोजित होंगी।

राजभाषा अधिकारी हरिकेश मीना ने बताया कि डीआरएम अनुराग त्रिपाठी के निर्देशानुसार मंडल में राजभाषा हिंदी के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में हिंदी निबंध लेखन,हिंदी टिप्पण एवं प्रारूप लेखन तथा वाक् प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए जोधपुर मंडल पर चलेंगी 3 स्पेशल ट्रेन

उन्होंने बताया कि हिंदी निबंध लेखन प्रतियोगिता का विषय “भारतीय रेलः देश की धड़कन और मेरा गौरव” रखा गया है तथा इसके लिए दो हजार शब्दों की सीमा निर्धारित की गई है। वाक् प्रतियोगिता का विषय “भारतीय रेलःमेरा गौरव” रहेगा,जिसमें प्रतिभागियों को प्रस्तुति के लिए लगभग 5 मिनट का समय दिया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हिंदी निबंध लेखन प्रतियोगिता सुबह 11 बजे से 12 बजे तक,हिंदी टिप्पण एवं प्रारूप लेखन प्रतियोगिता दोपहर 3 बजे से 4:30 बजे तक तथा वाक् प्रतियोगिता शाम 4:45 बजे से 6 बजे तक आयोजित की जाएगी।

इच्छुक कर्मचारियों से प्रतियोगिताओं में भाग लेने हेतु नाम आमंत्रित किए गए हैं। अपना नाम ई-मेल nrksjodhpur@gmail.com अथवा व्हाट्सएप नंबर 9001198637 पर भेज सकते हैं।

रेल प्रशासन ने अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों से अनुरोध किया है कि रेल संचालन एवं आवश्यक कार्यों की निरंतरता बनाए रखते हुए अधिकाधिक कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यकता अनुसार उन्हें कार्यमुक्त करने में सहयोग करें। प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले कर्मचारियों की अनुपस्थिति को ड्यूटी माना जाएगा।

राजभाषा विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पृथक कार्यमुक्ति पत्र जारी नहीं किया जाएगा तथा वर्तमान आदेश के आधार पर ही आवश्यक व्यवस्था की जाएगी।