19 को पीएम करेंगे विकसित भारत रोजगार योजना के 2400 करोड़ प्रोत्साहन राशि का वितरण

जोधपुर पाली में भी होंगे कार्यक्रम

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),19 को पीएम करेंगे विकसित भारत रोजगार योजना के 2400 करोड़ प्रोत्साहन राशि का वितरण। भारत सरकार द्वारा रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई प्रधान मंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PMVBRY) के तहत 19 जून 2026 को पात्र लाभार्थियों को ₹2400 करोड़ की प्रोत्साहन राशि वितरित की जाएगी।
विज्ञान भवन,नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम होगा।

यह जानकारी ईपीएफओ जोधपुर के क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-1 डॉ.अजय सिंह चौधरी ने बुधवार को एक प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि PMVBRY को पूर्व में एम्प्लॉयमेन्ट लिंक्ड इंसेटिव (ELI) योजना के नाम से जाना जाता था। ₹99,446 करोड़ के कुल खर्च वाली इस योजना का लक्ष्य दो साल में 3.5 करोड़ से अधिक रोजगार सृजित करना है। इनमें 1.92 करोड़ लोग पहली बार औपचारिक कार्यबल में जुड़ेंगे। लाभ 1 अगस्त 2025 से 31 जुलाई 2027 के बीच सृजित रोजगारों पर लागू होंगे।

जटिल जबड़ा सर्जरी से वर्षों से बंद मुंह खुला

योजना के दो भाग हैं
भाग अ:-
पहली बार नियुक्त होने वाले 1 लाख रुपये तक वेतन वाले कर्मचारियों को एक महीने का वेतन या अधिकतम 15,000 रुपये तक दो किस्तों में मिलेंगे। पहली किस्त 6 महीने की सेवा पर और दूसरी किस्त 12 महीने की सेवा व वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम पूरा करने पर मिलेगी। भुगतान DBT से आधार ब्रिज पेमेंट सिस्टम के जरिए होगा।

भाग ब:-
नियोक्ताओं को अतिरिक्त रोजगार सृजित करने पर प्रति कर्मचारी 3000 रुपये प्रति माह दो साल तक मिलेंगे। मेन्यूफेक्चरिंग क्षेत्र के लिए यह लाभ दो साल और बढ़ाया जाएगा। 50 से कम कर्मचारियों वाली फर्म को कम से कम 2 और 50 या अधिक वाली को 5 अतिरिक्त कर्मचारी रखने होंगे। भुगतान सीधे पैन लिंक्ड खाते में होगा।

जोधपुर-पाली में कार्यक्रम
ईपीएफओ जोधपुर द्वारा 19 जून को आईसीएआर- काजरी सभागार में कार्यक्रम होगा। मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद राजेन्द्र गहलोत,विशिष्ट अतिथि विधायक अतुल भंसाली और देवेन्द्र जोशी होंगे।

पाली में मरूधर केसरी भवन में आयोजन होगा। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत,विशिष्ट अतिथि सांसद पीपी चौधरी और विधायक शोभा चौहान होंगी।

इन कार्यक्रमों में नियोक्ता नव नियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र देंगे। देशभर में 200 स्थानों पर ऐसे क्षेत्रीय कार्यक्रम होंगे। डॉ.चौधरी ने कहा कि योजना से रोजगार सृजन में तेजी आएगी और युवाओं की औपचारिक कार्यबल में भागीदारी बढ़ेगी।