ओवरचार्जिंग पर रेलवे सख्त

एक माह में 18 शिकायतों पर ₹21 हजार जुर्माना -स्टॉल निलंबित

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),ओवरचार्जिंग पर रेलवे सख्त।उत्तर पश्चिम रेलवे जोधपुर मंडल ने ओवरचार्जिंग और खानपान सामग्री की अनुपलब्धता पर सख्त कार्रवाई की। एक माह में 18 शिकायतों की जांच कर दोषी वेंडरों और संचालकों पर ₹21 हजार का जुर्माना लगाया। कई स्टॉलों का संचालन अस्थाई रूप से निलंबित किया गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में विशेष अभियान चल रहा है। हेल्पलाइन 139 और रेलमदद पोर्टल से मिली शिकायतों में निर्धारित दर से अधिक वसूली,खाद्य सामग्री न देना और अनुचित व्यवहार के मामले थे। जांच में सही पाए जाने पर आर्थिक दंड लगाया गया।

फूड स्टॉल,पेंट्रीकार और अधिकृत वेंडरों की नियमित जांच हो रही है। मूल्य सूची,बिलिंग व्यवस्था,गुणवत्ता और निर्धारित दरों की जांच के साथ यात्रियों से फीडबैक लिया जा रहा है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से बिल लेने और मूल्य सूची जांचने की अपील की है। अनियमितता पर 139 या रेलमदद पोर्टल पर शिकायत करें। रेलवे ने साफ किया कि आर्थिक अनियमितता बर्दाश्त नहीं, सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।