दवा के ओवरडोज से सेना के जवान की हार्टअटैक से मौत

सैन्य सम्मान से अंतिम विदाई

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),दवा के ओवरडोज से सेना के जवान की हार्टअटैक से मौत। दवा के ओवरडोज के कारण आए हार्ट अटैक से शनिवार को ओसियां के रहने वाले सेना के जवान जयप्रकाश की मौत हो गई। जयप्रकाश छुट्टियां बिताकर ड्यूटी पर लौट रहे थे। रास्ते में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। उनका बेस हॉस्पिटल,दिल्ली कैंट के आईसीयू में इलाज चल रहा था। रविवार दोपहर जवान के पैतृक गांव भादूण की ढाणी,समराऊ में सैन्य सम्मान से उनका अंतिम संस्कार किया गया।

अंतिम विदाई के दौरान उन्हें श्रद्धांजलि देने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। सेना की रिपोर्ट के मुताबिक,मौत की वजह मेडिसिन ओवरडोज के कारण रिफ्रैक्टरी वेसोडाइलेटर शॉक और कार्डियक अरेस्ट है। जानकारी के अनुसार जय प्रकाश अरुणाचल प्रदेश में 230 मेड रेजिमेंट में गनर के पद पर तैनात थे। जयप्रकाश एक साल बाद छुट्टियों पर घर आए थे। वे 21 से 31 मई तक छुट्टियों पर थे।

चाय की थड़ी के पास मिला युवक का शव,हार्ट अटैक से मौत का संंदेह

एक जून को उन्हें यूनिट में रिपोर्ट करना था,लेकिन वे रिपोर्ट नहीं कर पाए। तीन जून की रात को करीब 9.40 बजे दिल्ली के आसिफ अली हॉस्पिटल के मेडिकल ऑफिसर ने सेना के अधिकारियों को सूचना दी कि जयप्रकाश को उत्तर प्रदेश के सिविल लाइंस, उटारी में एडमिट करवाया गया है। चार जून की रात 12.15 बजे जयप्रकाश को दिल्ली के लोकनायक जय प्रकाश हॉस्पिटल में रेफर किया गया। इसके बाद चार जून को ही उन्हें दिल्ली कैंट स्थित बेस अस्पताल लाया गया। यहां उन्हें आईसीयू में एडमिट कराया गया। वे अचेत अवस्था में थे।

पांच जून को उन्हें होश आ गया था और वे बातचीत कर रहे थे। छह जून को रात करीब 1 बजे उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया। इस दौरान डॉक्टर्स ने सीपीआर देकर उनकी जान बचाने की कोशिश की। रात करीब 2.15 बजे डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रविवार को दोपहर करीब 12.30 बजे उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव भादूण की ढाणी, समराऊ लाया गया।