Doordrishti News Logo

साबरमती-जोधपुर ट्रेन का जैसलमेर तक नियमित संचालन प्रारंभ

  • ओसियां,फलोदी व रामदेवरा स्टेशनों पर रहेगा ठहराव
  • पश्चिमी राजस्थान की रेल कनेक्टिविटी को मिला विस्तार
  • यात्रियों को बड़ी राहत

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),साबरमती-जोधपुर ट्रेन का जैसलमेर तक नियमित संचालन प्रारंभ। यात्रियों की सुविधा एवं पश्चिमी राजस्थान को बेहतर रेल कनेक्टिविटी प्रदान करने के उद्देश्य से रेलवे द्वारा साबरमती- जोधपुर-साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस का विस्तार जैसलमेर तक कर दिया गया है। उद्घाटन ट्रिप के बाद यह ट्रेन शनिवार से दोनों दिशाओं में नियमित चलाई जाने लगी है।

मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव के अनुसार ट्रेन नंबर 20486/ 20485,साबरमती- जोधपुर सुपर फास्ट एक्सप्रेस का विस्तार जैसलमेर तक किया गया है। इसके तहत साबरमती एवं जैसलमेर दोनों ओर से नियमित संचालन प्रारंभ हो चुका है,जिससे पश्चिमी राजस्थान के यात्रियों को सीधी एवं बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध होगी।

निर्धारित समय सारणी के अनुसार गाड़ी संख्या 20486, साबरमती-जैसलमेर सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्रतिदिन सुबह 7 बजे साबरमती से रवाना होकर दोपहर 2:40 बजे जोधपुर पहुंचेगी। यहां 10 मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन 2:50 बजे प्रस्थान कर रात्रि 8:30 बजे जैसलमेर पहुंचेगी।

जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत में अब 20 कोच

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 20485,जैसलमेर-साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्रतिदिन सुबह 6:30 बजे जैसलमेर से रवाना होकर 11:40 बजे जोधपुर पहुंचेगी तथा 11:50 बजे प्रस्थान कर रात्रि 8:00 बजे साबरमती पहुंचेगी।

रेलवे का मानना है कि इस ट्रेन के विस्तार से जैसलमेर,जोधपुर एवं गुजरात के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों,पर्यटकों एवं व्यापारिक वर्ग को विशेष लाभ मिलेगा। सीमावर्ती क्षेत्र में पर्यटन एवं व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति प्राप्त होगी।

जोधपुर-जैसलमेर के बीच इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

रेलवे के अनुसार ट्रेन जोधपुर- जैसलमेर-जोधपुर के मध्य ओसियां,फलोदी एवं रामदेवरा स्टेशनों पर ठहराव करेगी। जोधपुर से साबरमती के बीच पूर्व निर्धारित ठहराव स्टेशनों एवं समय सारणी में किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया गया है।