चलती ट्रेन से टकराई कैंपर… कंट्रोल रूम में मचा हड़कंप,दौड़ी एम्बुलेंस और आरपीएफ!

  • बाद में स्पष्ट हुआ घटना मोक ड्रिल का हिस्सा थी
  • रेलवे ने बताया सफल

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),चलती ट्रेन से टकराई कैंपर… कंट्रोल रूम में मचा हड़कंप,दौड़ी एम्बुलेंस और आरपीएफ!। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में सोमवार शाम अचानक हड़कंप मच गया! मेड़ता रोड-मेड़ता सिटी रेलखंड पर ट्रेन संख्या 74812 के एक कैंपर वाहन से टकराने और दो लोगों के गंभीर घायल होने की सूचना जैसे ही कंट्रोल रूम पहुंची,रेलवे प्रशासन, आरपीएफ,इंजीनियरिंग टीम और एम्बुलेंस सेवाएं तुरंत हरकत में आ गईं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए राहत एवं बचाव दल तेजी से घटनास्थल की ओर रवाना हुए। कुछ ही मिनटों में रेलवे अधिकारियों,आरपीएफ जवानों और मेडिकल टीमों ने मोर्चा संभाल लिया।

दरअसल,यह पूरा घटनाक्रम रेलवे द्वारा आयोजित एक हाई अलर्ट मॉक ड्रिल का हिस्सा था। इसका उद्देश्य किसी वास्तविक रेल दुर्घटना की स्थिति में विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया,समन्वय और आपदा प्रबंधन क्षमता को परखना था।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे भैरोसिंह शेखावत की प्रतिमा का अनावरण

जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन संख्या 74812,मेड़ता रोड-मेड़ता सिटी डेमो सोमवार शाम 6.20 बजे मेड़ता रोड से रवाना हुई थी। मेड़ता रोड-मेड़ता सिटी सेक्शन में किलोमीटर 11/7 के पास ट्रैक पर कैंपर वाहन संख्या आरजे-21टीए- 4450 के आने और ट्रेन से टकराने की काल्पनिक स्थिति बनाई गई। परिदृश्य में दो लोगों के गंभीर घायल होने की सूचना भी शामिल की गई।

लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर ने शाम 7.02 बजे कंट्रोल को हादसे की सूचना देकर तत्काल मेडिकल सहायता मांगी। सूचना मिलते ही रेलवे की राहत मशीनरी सक्रिय हो गई। रेल रक्षक दल और सहायक मंडल इंजीनियर मेड़ता रोड की टीम 7.18 बजे मौके पर पहुंची, जबकि आरपीएफ टीम 7.23 बजे घटनास्थल पर पहुंच गई। 108 एम्बुलेंस सेवा भी 7.25 बजे घटनास्थल पर पहुंच गई।

वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी रामनिवास जाट ने बताया कि एसपर्ट मेड़ता रोड को शाम 7.05 बजे अलर्ट किया गया और 7.20 बजे रवाना कर दिया गया। पूरे घटनाक्रम के दौरान अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों की बारीकी से निगरानी की। मॉक ड्रिल को शाम 7.25 बजे सफल घोषित किया गया,जिसके बाद ट्रेन संख्या 74812 को 7.30 बजे घटनास्थल से रवाना कर दिया गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस प्रकार की मॉक ड्रिल वास्तविक दुर्घटना के समय त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाती हैं।