फोटो मिलान से हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
- तकनीक बनी सहारा
- राजकॉप ऐप से पुलिस की दो प्रभावी कार्रवाई
- लावारिश मिली नई बाइक निकली चोरी की
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),फोटो मिलान से हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार। शहर पुलिस ने तकनीक के बेहतर उपयोग का उदाहरण पेश करते हुए राजकॉप एप के माध्यम से दो अहम कार्रवाइयां की हैं। एक ओर जहां फोटो मिलान कर एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया गया,वहीं लावारिश हालत में मिली नई मोटरसाइकिल चोरी की निकली,जिसे उसके मालिक को सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस आयुक्त शरत कविराज के निर्देशन में तकनीकी संसाधनों के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत पुलिस थाना सरदारपुरा ने यह कार्रवाई की। डीसीपी पश्चिम कमल शेखावत के निर्देशों और एडीसीपी पश्चिम नीरज शर्मा व एसीपी छवि शर्मा के मार्गदर्शन में टीम ने राजकॉप एप का उपयोग करते हुए सफलता हासिल की।
लावारिश बाइक से खुला चोरी का मामला
सरदारपुरा थाना पुलिस को गश्त के दौरान एक मोटरसाइकिल लावारिश हालत में मिली। राजकॉप एप से जांच करने पर पता चला कि यह बाइक बासनी थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी। एप के जरिए परिवादी से संपर्क कर बाइक की पहचान करवाई गई। परिवादी ने बताया कि उसने करीब दो महीने पहले सीएनजी-पेट्रोल हाइब्रिड बाइक करीब 2 लाख रुपए में खरीदी थी। अपनी बाइक सुरक्षित मिलने पर उसने पुलिस का आभार जताया।
फोटो मिलान से हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
एक अन्य कार्रवाई में पुलिस टीम ने ओलंपिक तिराहे के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को शराब के नशे में उपद्रव करते हुए पकड़ा। पूछताछ में पहचान बताने से इंकार करने पर राजकॉप एप के फोटो मिलान फीचर से उसकी पहचान की गई। आरोपी विक्की पुत्र ओमप्रकाश वाल्मीकि,माधोबाग हरिजन बस्ती का निवासी निकला,जिसके खिलाफ पहले से करीब 30 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
