प्रधानमंत्री मोदी के रिफाइनरी उद्घाटन व आमसभा को लेकर जोधपुर में तैयारियाँ तेज
जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में 200 से अधिक बसें व निजी वाहनों से कार्यकर्ता जायेंगे पचपदरा
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21अप्रैल को पचपदरा में रिफाइनरी का उद्घाटन करेंगे तथा इसके पश्चात् विशाल आमसभा को संबोधित करेंगे। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को लेकर भारतीय जनता पार्टी जोधपुर शहर जिला द्वारा आमसभा में सम्मिलित होने के लिये तैयारियाँ जोर-शोर से की जा रही हैं। जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में विभिन्न स्तरों पर बैठकों का आयोजन कर कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश प्रदान किए जा रहे हैं।
भाजपा जोधपुर संभाग मीडिया संयोजक जगदीश धाणदिया ने बताया कि बैठकों के माध्यम से जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में पचपदरा में आयोजित होने वाले कार्यक्रम हेतु जोधपुर शहर जिला से करीब 200 से अधिक बसें एवं निजी वाहनों से कार्यकर्ता जाएंगे। इस हेतु बसवार संयोजक एवं सह-संयोजकों को व्यवस्था के लिये दायित्व सौंपा गया है। कार्यक्रम में जोधपुर शहर जिला से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए संगठन के सभी प्रकोष्ठ एवं मोर्चों को सक्रिय कर समन्वित रूप से कार्य किया जा रहा है।
विभिन्न स्तर पर आयोजित बैठकों में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा,जिलाध्यक्ष राजेन्द्र पालीवाल,सूरसागर विधायक देवेन्द्र जोशी,पूर्व जेडीए चेयरमैन प्रो. महेन्द्र सिंह राठौड़,पूर्व महापौर वनिता सेठ,उप महापौर किशन लड्डा,जिला महामंत्री ओमप्रकाश दैया,प्रतिपाल सिंह वालेचा,गौरव जैन सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। जिन्होंने विधानसभा वार बैठकें आयोजित कर मंडल एवं बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करते हुए आमसभा में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने-अपने क्षेत्र में आमजन तक पहुंचकर उन्हें आमसभा में शामिल होने हेतु आमंत्रित करने का दायित्व सौंपा गया है।
विश्व धरोहर दिवस पर जोधपुर में सजी रियासती रेलवे विरासत की प्रदर्शनी
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं तथा पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन प्रदेश के विकास को नई गति प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि 21 अप्रैल को आयोजित होने वाली आमसभा जनसमर्थन का नया कीर्तिमान स्थापित करेगी तथा कार्यकर्ताओं से अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष राजेन्द्र पालीवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि 21 अप्रैल का यह कार्यक्रम ऐतिहासिक होने जा रहा है,जिसमें जोधपुर शहर जिला से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आमजन भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
सूरसागर विधायक देवेन्द्र जोशी ने अपने उद्बोधन में कहा कि पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन क्षेत्र के औद्योगिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर लोगों को आमसभा में भाग लेने के लिए प्रेरित करें।
