डीआरएम ने किया जोधपुर- समदड़ी रेलखंड का फुटप्लेट निरीक्षण

  • सुरक्षा व संरक्षा मानकों की गहन समीक्षा
  • दिए उचित निर्देश

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),डीआरएम ने किया जोधपुर- समदड़ी रेलखंड का फुटप्लेट निरीक्षण। जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने जोधपुर-समदड़ी रेलखंड पर गाड़ी संख्या 14887,ऋषिकेश-बाड़मेर एक्सप्रेस के लोकोमोटिव से फुटप्लेट निरीक्षण कर ट्रैक, सिग्नलिंग,लेवल क्रॉसिंग एवं परिचालन व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने रेलवे द्वारा निर्धारित सुरक्षा एवं संरक्षा मानकों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने रेल पटरियों की गुणवत्ता,जॉइंट्स एवं फिटिंग्स की स्थिति,सिग्नलिंग सिस्टम की कार्यक्षमता और विश्वसनीयता,स्टेशनों के बीच ट्रैक की साफ-सफाई,साथ ही लेवल क्रॉसिंग पर तैनात सुरक्षा प्रबंधों का सूक्ष्मता से अवलोकन किया।

उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल,मानक संचालन प्रक्रियाओं तथा संरक्षा दिशानिर्देशों के अनुरूप संचालित हों। इसके अलावा उन्होंने ट्रेन संचालन के दौरान सतर्कता,समयबद्धता तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की भी समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान क्रू मेंबर्स के साथ संवाद कर परिचालन से जुड़ी व्यवहारिक चुनौतियों की जानकारी ली और आवश्यक सुधारात्मक कदमों पर चर्चा की।

न्यायालयों का 13 अप्रैल से समय परिवर्तन

इस दौरान पाई गई खामियों को तत्काल प्रभाव से दूर करने के निर्देश दिए गए। डीआरएम ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा एवं संरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा नियमित मॉनिटरिंग और निरीक्षण के माध्यम से इन मानकों को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा ताकि रेल संचालन सुरक्षित, संरक्षित एवं सुचारु रूप से जारी रह सके।

इनका कहना है
यात्रियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जोधपुर-समदड़ी रेलखंड पर सभी सुरक्षा एवं संरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। जहां भी कमियां पाई जाती हैं,उन्हें तुरंत दूर कर सुरक्षित एवं सुचारु रेल संचालन बनाए रखा जाता है।
-अनुराग त्रिपाठी
डीआरएम,जोधपुर मंडल