100 करोड़ की लागत से जिला स्तर पर रूरल विमेन बीपीओ होंगे स्थापित-पटेल

  • राज सखी जिला स्तरीय सरस मेला-जोधाणा 2026
  • संसदीय कार्य मंत्री ने किया मेले का विधिवत शुभारंभ
  • 20 मार्च तक सजेगा ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों का मेला

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),100 करोड़ की लागत से जिला स्तर पर रूरल विमेन बीपीओ होंगे स्थापित-पटेल।राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद (राजीविका) द्वारा ग्रामीण विकास मंत्रालय,भारत सरकार के सहयोग से राज सखी जिला स्तरीय सरस मेला जोधाणा 2026 का भव्य शुभारम्भ कार्यक्रम शनिवार को गांधी मैदान में संसदीय कार्य,विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। पटेल ने गणपति पूजन कर मेले का विधिवत शुभारंभ किया।

संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में प्रदेश के हर वर्ग के उत्थान को समर्पित ऐतिहासिक बजट दिया है। उन्होंने कहा बजट में ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने एवं रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध करवाने के लिए 100 करोड़ रुपये की लागत से जिला स्तर पर रूरल विमेन बीपीओ स्थापित किये जायेंगे। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री लखपति दीदी ऋण योजना के अन्तर्गत ब्याज अनुदान पर दिये जा रहे ऋण की सीमा एक लाख रुपये से बढ़ाकर एक लाख 50 हजार रूपये की जाएगी।

डिजिटल एवं फाइनेंशियल लिटरेसी के लिए संचालित होंगे सक्षम सेंटर्स
विधि मंत्री ने कहा 25 करोड़ रुपये की लागत से राजीविका के अन्तर्गत संगठित 100 क्लस्टर लेवल फेडरेशन के कार्यालय के लिए भवन उपलब्ध करवाये जायेंगे। इन कार्यालयों में डिजिटल एवं फाइनेंशियल लिटरेसी के लिए सक्षम सेंटर्स’ संचालित किये जायेंगे।आगामी वर्ष में स्वयं सहायता समूह की 5 हजार महिलाओं को प्रशिक्षित कर बीसी सखी और एक हजार महिलाओं को बैंक सखी के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा।

जोधपुर जिले की 210 महिलाओं को मिले टैबलेट
पटेल ने कहा इस मेले में हमें हस्तशिल्प,कढ़ाई,वस्त्र,खाद्य उत्पाद,ग्रामीण नवाचार,स्थानीय लोक कलाओं एवं उत्पादों की झलक देखने को मिल रही है। ऐसे आयोजन महिलाओं के उत्पादों को बाजार,पहचान और सम्मान दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं।जोधपुर जिले में 28 हजार महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य प्राप्त कर लिया गया है।

इस अवसर पर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही लखपति दीदी एवं राजीविका के कैडर्स को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 210 टैबलेट भी वितरित किए गए। राजसखी जोधाणा मेला 2026 गांधी मैदान सरदारपुरा में 14 मार्च से 20 मार्च 2026 तक जारी रहेगा।

ये थे उपस्थित
कार्यक्रम में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा,सहायक कलक्टर मोहन लाल,सुशीला बोहरा, कौशल्या चौधरी,अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी गणपतलाल सुथार,छोटू सिंह राठौड़,गोविंद टाक,सुमेर सिंह,खींवराज जांगिड सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।

You missed