17 हजार नए नॉन-एसी कोच बनाएगा भारतीय रेलवे

  • भीड़ से मिलेगी राहत
  • सस्ती रेल यात्रा को बढ़ावा देने की तैयारी

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),17 हजार नए नॉन-एसी कोच बनाएगा भारतीय रेलवे। आम यात्रियों को सस्ती और सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए भारतीय रेलवे बड़े स्तर पर नॉन-एसी कोचों की संख्या बढ़ाने जा रहा है। निम्न और मध्यम आय वर्ग के परिवारों की यात्रा जरूरतों को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने 17 हजार नॉन-एसी जनरल और स्लीपर कोचों के निर्माण का कार्य शुरू किया है।

रेलवे के अनुसार जनरल और स्लीपर कोचों में यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसी को देखते हुए कोच बेड़े का विस्तार किया जा रहा है,ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को किफायती यात्रा सुविधा मिल सके।

इसी दिशा में रेलवे द्वारा अमृत भारत एक्सप्रेस जैसी आधुनिक नॉन-एसी ट्रेनों का संचालन भी किया जा रहा है। इन ट्रेनों को यात्रियों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है और स्लीपर श्रेणी में इनकी औसत यात्री क्षमता 100 प्रतिशत से अधिक दर्ज की गई है।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में यह जानकारी देते हुए बताया कि अमृत भारत एक्सप्रेस पूरी तरह नॉन-एसी आधुनिक ट्रेनें हैं। इनमें 11 जनरल कोच,8 स्लीपर कोच,1 पैंट्री कार और 2 लगेज-कम-दिव्यांगजन कोच लगाए गए हैं। ट्रेनों में बेहतर सीट-बर्थ डिजाइन,सीसीटीवी कैमरे,एलईडी लाइटिंग, यूएसबी चार्जिंग सॉकेट और इमरजेंसी टॉक-बैक सिस्टम जैसी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं।

जोधपुर मंडल की महिला रेलकर्मियों का जयपुर में सम्मान

रेल मंत्री ने बताया कि आम यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 860 सामान्य कोच स्थायी रूप से विभिन्न ट्रेनों में जोड़े जा चुके हैं। वहीं वर्ष 2024-25 के दौरान 1250 सामान्य कोच जोड़े गए थे।

इस वर्ष अब तक 70 हजार स्पेशल ट्रेनों का संचालन
यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे त्योहारों और छुट्टियों के दौरान विशेष ट्रेनें भी चला रहा है। अप्रैल 2025 से जनवरी 2026 के बीच करीब 70 हजार से भी अधिक विशेष ट्रेन यात्राएं संचालित की गई हैं।

रेलवे के अनुसार यात्रियों की मांग, मार्ग की उपलब्धता और नेटवर्क क्षमता को ध्यान में रखते हुए नई ट्रेन सेवाएं शुरू करने की प्रक्रिया लगातार जारी है।