अमृता हाट में महिलाओं की उद्यमिता को मिल रहा प्रोत्साहन

हस्तनिर्मित उत्पादों की विविधता से आकर्षण का केंद्र बना अमृता हाट

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),अमृता हाट में महिलाओं की उद्यमिता को मिल रहा प्रोत्साहन। प्रदेश के दूर-दराज क्षेत्रों में कार्यरत महिला स्वयं सहायता समूहों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने तथा उनके उत्पादों की बिक्री एवं मार्केटिंग को विभागीय स्तर पर समुचित सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से संभाग स्तर पर दशम अमृता हाट का आयोजन 01से 07 फरवरी तक अरबन हाट में किया जा रहा है।

उपनिदेशक महिला अधिकारिता फरसाराम विश्नोई ने बताया कि महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित सामग्री के प्रदर्शन एवं विपणन के लिए हाट में राज्य के विभिन्न जिलों से आए स्वयं सहायता समूहों की 80 से अधिक स्टॉल्स लगाई गई हैं। मेले में भाग लेने वाली स्वयं सहायता समूह सदस्यों को विभाग की ओर से निःशुल्क स्टॉल,आवासीय व्यवस्था, भोजन एवं यात्रा भत्ता उपलब्ध करवाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि अमृता हाट में आगंतुकों को आकर्षित करने के लिए लक्की ड्रॉ योजना भी संचालित की जा रही है,जिसके अंतर्गत प्रतिदिन एक व्यक्ति द्वारा न्यूनतम 500 रुपये तक की खरीदारी करने पर लक्की ड्रॉ में भाग लेने का अवसर मिलेगा। प्रतिदिन ड्रॉ के तीन लक्की विजेताओं को क्रमशः 500, 300 एवं 200 रुपये की निःशुल्क खरीदारी विभाग द्वारा करवाई जाएगी। मेले के चौथे दिन 3 लाख 85 हजार रुपये के उत्पादों की बिक्री दर्ज की गई।

मेले के दौरान ब्लॉक बिलाड़ा एवं शेरगढ़ की साथिनों की बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत आमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित कर प्रतिभागियों को हाट भ्रमण भी करवाया गया।

अमृता हाट में विभागीय महिला स्वयं सहायता समूहों,उद्योग विभाग,राजीविका,एनयूएलएम द्वारा गठित महिला स्वयं सहायता समूहों एवं महिला आर्टिजन द्वारा निर्मित विविध हस्तनिर्मित एवं हस्तशिल्प उत्पाद उपलब्ध हैं। इनमें लाख की चूड़ियां,मोजड़ी, पेपरमेशी,आर्टिफिशियल फ्लावर्स, टेराकोटा,आर्टिफिशियल ज्वैलरी, ऊनी व सूती रेडीमेड गारमेंट्स, कशीदाकारी युक्त वस्त्र,चिकन- जरी,पैचवर्क,कांच जड़ाई,वुडन क्राफ्ट,मार्बल की कलात्मक वस्तुएं, बंधेज,लहरियां,मोतड़ा,कोटा डोरियां की साड़ियां,सलवार सूट,रोहट-सालावास की दरियां व चद्दरें,बाड़मेर की अजरख प्रिंट चद्दरें,गुजराती उत्पाद,देवी- देवताओं की पोशाकें,सोजत की मेहंदी सहित अनेक प्रकार के उत्पाद शामिल हैं।

खाद्य उत्पादों में अंथाना की मिर्ची का अचार,मुरब्बा,मसाले,पापड़- मंगोड़ी,सूखी सब्जियां आदि उपलब्ध हैं। ये सभी उत्पाद विभिन्न वैरायटी में,पर्याप्त मात्रा में एवं उचित मूल्य पर बिक्री हेतु उपलब्ध हैं। मेले में आगंतुकों की सुविधा हेतु फूड कोर्ट की व्यवस्था भी की गई है। इसके साथ ही बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ सहित अन्य विभागीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता हेतु कार्यशालाएं, संगोष्ठियां एवं गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

गुरुवार को इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, उत्तर-पश्चिम रेलवे जोधपुर एवं पुलिस अधीक्षक जोधपुर ग्रामीण के पुलिस लाइन,पुलिस प्रशिक्षण केंद्र एवं अन्य कार्मिकों द्वारा अमृता हाट का भ्रमण किया जाएगा।