मुख्यमंत्री जोधपुर के साथ सौतेले व्यवहार का जवाब दें-बोराणा
जोधपुर,राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा अपने डेढ़ साल के कार्य व कांग्रेस के पाँच साल के कार्यों के समानता की चुनौती को भावावेग में कही गई टिप्पणी बताते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता व मेला प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष रमेश बोराणा ने कहा कि उनकी चुनौती को कांग्रेस ने बड़े स्तर पर स्वीकार कर उन्हें सार्वजनिक बहस के लिए ललकार लिया है,लेकिन मैं भजनलाल जी के जोधपुर आगमन पर उनका स्वागत करते हुए पूछना चाहूंगा कि उन्होंने डेढ़ साल में जोधपुर के लिए कोई नया विकास कार्य तो नहीं करवाया अपितु जो योजनाएं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पूर्ण या प्रारंभ की थी उनके साथ सौतेला व्यवहार क्यों कर रहे हैं?
बोराणा ने कहा कि गहलोत ने जोधपुर के चिकित्सा क्षेत्र में अरबों रुपयों के प्रावधान की अनेक प्रभावी योजनाएं बना कर तेजी से कार्य प्रारंभ किया था,जिसमें से अधिकांश कार्य पूर्ण भी हो गये लेकिन संक्रामक रोग संस्थान,वृद्धरोगी जेरियेटिक सेंटर काआधुनिकीकरण, जोधपुर मेडिकल कॉलेज से जुड़े अस्पतालों में 200 करोड़ से अधिक की राशि के आधुनिकीकरण व विकास कार्य अभी अधूरे पड़े हैं। यहाँ तक कि पूर्ण होने के बावजूद क्षेत्रीय कैंसर सेंटर प्रारम्भ नहीं हो पा रहा है। जिससे प्रभावितों को लाभ नहीं मिल पा रहा है। सरकारी अस्पतालों में न तो पूरी दवाएं मिल रही हैं और न ही टेस्ट हो रहे हैं,अत: मजबूरन ग़रीब आदमी को बाज़ार से करवाने पड़ रहें हैं।
भद्वासिया सब्जी मंडी व कोल्ड स्टोरेज का कार्य लंबित व अधूरा पड़ा है। जोधपुर की हार्ट लाईन सोजटी गेट पर निर्माणाधीन मल्टी लेवल पार्किंग का कार्य लटका हुआ है। जोधपुर में प्रस्तावित बायोटेक और फार्मा बिजनेस इनक्यूबेशन और रिसर्च सेंटर का क्या हुआ ? जोधपुर में फिनटेक यूनिवर्सिटी मूर्तरूप क्यों नहीं ले पा रही है? जोधपुर सिटी इनोवेशन क्लस्टर का क्या हुआ?
सूचना केंद्र का नवीनीकृत व्यास उस्ताद मिनी ऑडीटोरियम जनता के लिए क्यों नहीं खोला जा रहा है? ट्राफिक से निजात पाने हेतु जोधपुर में लो-फ्लोर बसों की शुरुआत की गयी थी वे अब गेराज में खड़ी हैं। जोधपुर सहित तीन जिलों को पेयजल उपलब्ध कराने वाली राजीव लिफ्ट केनाल का तीसरा फेज पूरा क्यों नहीं हो पा रहा है? जोधपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए वृहद पेयजल परियोजना को शिथिल क्यों कर दिया गया? कच्ची बस्तियों का नियमन व पट्टा वितरण के साथ 79 कच्ची बस्तियों में आवास व आधारभूत ढांचा विकसित करने के कार्य को लम्बित क्यों कर दिया गया?
भोपालगढ़,लोहावट एंव बावड़ी उपखण्ड में प्रारंभ किए जाने वाले औद्योगिक क्षेत्रों का किया हुआ ? जोधपुर विकास और सौंदर्यकरण के लिए किए गए कायलाना पार्क, मंडोर उद्यान,उम्मेद उद्यान,अशोक उद्यान,सूरपुरा पार्क,बाईजी तालाब पार्क,नया तालाब पार्क सहित टाउन हॉल व मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर के शेष कार्य पूर्ण करने के साथ इनका उचित रखरखाव व संरक्षण क्यों नहीं किया जा रहा है?रसाला रोड व अन्य शहरी सड़कों की हालत खराब है, जिससे मामूली बारिश में ही जनजीवन बाधित हो जाता है।
सरकारी सहयोग के अभाव में नगर निगमों की हालत खस्ता है।
जयनारायण व्यास विश्व विधालय के सेवा निवृत प्रोफ़ेसर पेंशन के अभाव में चालीस दिन से सड़कों पर बैठें हैं, उनका समाधान क्यों नहीं हो रहा है? स्कूलों में पूरे अध्यापक नहीं हैं तो अस्पतालों में स्टाफ नहीं हैं। जोधपुर में महिला उत्पीड़न,हत्या, बाल अपचारों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है जिससे आम नागरिक भयभीत है। बोराणा ने कहा कि जोधपुर की जनता मुख्यमंत्री से इन सवालों के जवाब चाहती है।
