फलोदी में दो भीषण सड़क हादसे में 18 की मौत,चार घायल

  • पहले हादसे में मरने वाले ज्यादातर लोग जोधपुर के सूरसागर निवासी
  • दूसरे में झुंझूनु के रहने वाले
  • मृतकों में ज्यादातर महिलाएं
  • देर रात शवों को लाया गया
  • जोधपुर,रात में स्कार्पियो पलटने से तीन की मौत

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),फलोदी में दो भीषण सड़क हादसे में 18 की मौत, चार घायल। जोधपुर के निकट फलोदी जिले में रविवार की देर शाम और रात में दो सडक़ हादसों में 18 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे फलोदी के मतोड़ा थाना क्षेत्र के भारतमाला रोड पर और चांपासर के पास में हुए। पहला हादसा शाम साढ़े छह बजे के आसपास हुआ जबकि दूसरा रात दस बजे के लगभग हुआ। हादसे में मृतकों की पहचान जोधपुर के सूरसागर स्थित नैणची बाग के निवासियों के रूप में हुई है। अन्य हादसे में मरने वाले झुंझुनू के रहने वाले है।

हादसा नंबर 1
थानाधिकारी अमानाराम ने बताया कि यहां बापिणी उपखंड क्षेत्र के मतोड़ा में टेंपो ट्रेवलर खड़े ट्रेलर में घुस गया। हादसे में 15 यात्रियों की मौत हो गई,जबकि 2 लोग घायल हो गए। टेंपो ट्रेवलर में सवार सभी लोग जोधपुर के सूरसागर से कोलायत में कपिल मुनि के आश्रम में दर्शन करने के लिए गए थे। लौटते समय मतोड़ा थाना क्षेत्र में हादसा हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो ट्रेवलर का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

उन्होंने बताया कि हादसा शाम करीब 6.30 बजे भारत माला हाईवे पर हादसा हुआ। सडक़ पर खड़े ट्रेलर में पीछे से टेंपो ट्रेवलर घुस गया। सभी शवों को पहले ओसियां के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया बाद में रात तक जोधपुर भेजा गया। 2 घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद जोधपुर रेफर किया गया है।

काफी मशक्कत कर शवों को निकाला बाहर
थानाधिकारी ने बताया कि हादसे के बाद टेंपो ट्रेवलर में फंसे घायलों और शवों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। ग्रामीणों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

ओवर टेक से हादसे की आशंका
थानाधिकारी के अनुसार हालांकि यह स्पष्ट नहीं हुआ कि हादसा कैसे हुआ,मगर आशंका है कि यह दुर्घटना किसी गाड़ी को ओवर टेक करते समय हुआ है। इधर प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भारत माला हाईवे पर साइड में लोगों ने छोटे ढाबे खोल रखे हैं। ट्रक ढाबे के आगे खड़ा था। पीछे से तेज रफ्तार टेंपो ट्रेवलर अपनी लेन में चल रहा था। आगे चल रहे ट्रक से तीसरे लेन में से ओवरटेक कर रही थी। अचानक सडक़ किनारे खड़े ट्रक से ट्रेवलर टकरा गया।

जोधपुर की तरफ आ रही थी टे्रवलर बस
बताया गया कि बस जोधपुर के सूरसागर क्षेत्र से श्रद्धालुओं को लेकर बीकानेर के कोलायत में कपिल मुनि आश्रम में दर्शन के लिए गई थी। लौटते समय मतोड़ा क्षेत्र में सडक़ किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। श्रद्धालु मुनि आश्रम के दर्शन और कार्तिक स्नान कर लौट रहे थे।

मृतकों में इनकी हुई पहचान
उर्मिला पत्नी रामसिंह,गीता पत्नी गोविंद सिंह,सजन पत्नी ओम प्रकाश,गुंजन पत्नी उमेश,लता पत्नी छवरलाल,टीना पत्नी विनोद, दीनदयाल की पत्नी,दिनेश की पत्नी,सानिया पत्नी दिलीप,तारा पत्नी राजेंद्र एवं मधु पत्नी रविंद्र के रूप में की गई है। थानाधिकारी अमानाराम ने बताया कि कुछ मृतकों की पहचान की जा रही है। बस का चालक भी खत्म हो गया है। मृतक माली जाति के हैं। जोधपुर सूरसागर से 18 महिलाएं गई थी।

महिलाओं ने खिंचवाया था ग्रुप फोटो
कपिल मुनि आश्रम में कार्तिक स्नान के लिए गई महिलाओं ने अपना ग्रुप फोटो भी खिंचवाया था,जो रात में वायरल हुआ। इसमें महिलाओं के साथ एक बच्ची भी नजर आ रही है।

पुलिस आयुक्त पहुंचे एमडीएम अस्पताल
इधर हादसे की जानकारी के बाद पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश,डीसीपी वेस्ट विनीत कुमार बंसल,जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल आदि एडीएम अस्पताल पहुंचे। जहां पर घायलों को लाया गया। देर रात तक शवों को भी जोधपुर लाया गया। दस शवों को एमजीएच और पांच शवों को एमडीएम मोर्चरी में रखवाया गया है। जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने बताया कि दस शव एमजीएच एवं पांच शवों को एमउीएम मोर्चरी में रखवाया गया है। दो घायलों को एमडीएम अस्पताल लाया गया है। डाक्टर ने उनकी हालत स्थिर बताई है।

दूसरा हादसा
थानाधिकारी अमानाराम ने बताया कि फलोदी जिले में ही चांपासर गांव के पास में रात को एक स्कार्पियो सडक़ हादसे का शिकार हुई। वह पलटी खा गई थी। इसमें तीन लोगों की मृत्यु हुई है। मृतक झुंझूनु के रहने वाले है,मगर उनकी पूर्ण पहचान अभी नहीं हो पायी है। कार में एक दो लोग घायल भी है।

Related posts: