16.25 लाख रुपए नकद बरामद तीन लग्जरी वाहन जब्त दो आरोपी गिरफ्तार
- नशे के कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- राजकॉप एप से संदिग्ध की पहचान
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),16.25 लाख रुपए नकद बरामद तीन लग्जरी वाहन जब्त दो आरोपी गिरफ्तार। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला विशेष टीम (डीएसटी) जोधपुर पश्चिम और चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सीताराम नगर पाल रोड क्षेत्र में बड़ी मात्रा में संदिग्ध नकदी और मादक पदार्थों की तस्करी में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है।
आईआईटी जोधपुर के वैज्ञानिकों ने वेल्डिंग विज्ञान को दिया नया आयाम
पुलिस ने मौके से 16 लाख 25 हजार रुपए नकद बरामद किए तथा तीन लग्जरी वाहन जब्त कर दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।पुलिस उपायुक्त पश्चिम कमल शेखावत ने बताया कि सूचना मिली कि सीताराम नगर पाल रोड में भंवरताराम और उसका पुत्र सुनील मादक पदार्थों की तस्करी का काम करते हैं। उनके पास मादक पदार्थों की बिक्री से प्राप्त बड़ी मात्रा में अवैध नकदी और तस्करी में इस्तेमाल होने वाला सामान होने की सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश दी।
मौके पर बड़ी मात्रा में नकदी, रुपए गिनने की इलेक्ट्रॉनिक मशीन,इलेक्ट्रॉनिक कांटा, प्लास्टिक की थैलियां,रबर और टेप सहित अन्य सामान मिला। मौके पर मौजूद दोनों व्यक्ति नकदी के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके और न ही आय का कोई प्रमाण प्रस्तुत कर पाए। पुलिस ने राजकॉप एप की मदद से दोनों की पहचान की।
जांच में सुनील के खिलाफ पूर्व में मामला दर्ज होना भी सामने आया। इसके बाद पुलिस ने नकदी को इलेक्ट्रॉनिक मशीन से गिना,जो 16,25,000 रुपए निकली।दबिश के दौरान भंवरताराम के घर खड़ी फॉर्च्यूनर,क्रेटा और किया सेल्टोस कारों के दस्तावेजों के बारे में पूछताछ की गई,लेकिन दोनों कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने तीनों वाहनों को भी जब्त कर लिया। दोनों संदिग्धों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया है। जब्त नकदी और वाहनों के संबंध में जांच जारी है।
इन्हें किया गया गिरफ्तार
सुनील विश्नोई (26), निवासी सीताराम नगर,पाल रोड निवासी सुनील और भंवरताराम को पकड़ा गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सुनील विश्नोई के खिलाफ वर्ष 2022 में श्रीगंगा नगर जिले के रजियासर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18, 29 के तहत मामला दर्ज है। पुलिस की कार्रवाई में चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) के अधिकारी-जवान शामिल थे।
