केंद्रीय दल पहुंचा जोधपुर ग्रामीण क्षेत्रों में,अकाल का लिया जायजा

केंद्रीय दल पहुंचा जोधपुर ग्रामीण क्षेत्रों में,अकाल का लिया जायजा

जोधपुर, जिले में गत वर्ष कमजोर मानसून के कारण सैकड़ों गांवों में उपजे अकाल के हालात का जायजा लेने केन्द्रीय दल आज ग्रामीण क्षेत्र के दौरे पर है। दल के सदस्य किसानों से मिलकर उनकी समस्याओं को न केवल सुन रहे है बल्कि खेतों में जाकर हालात को निकट से देख रहे है। जोधपुर जिले की 10 तहसीलों में 770 गांव अभावग्रस्त व सूखा प्रभावित है।

केन्द्रीय अध्ययन दल के तीन सदस्य आज प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शेरगढ़-बालेसर क्षेत्र में अकाल का जायजा ले रहे है। दल के सदस्य विभिन्न गांवों में जा रहे हैं। कुछ स्थान पर उन्होंने किसानों से सामूहिक रूप से संवाद किया।

अनियमित बारिश ने पैदा किया अकाल

किसानों ने बताया कि बारिश तो अवश्य हुई, लेकिन अनियमित बारिश के कारण अकाल के हालात पैदा हो गए। इससे फसलों में भारी खराबा हुआ। किसानों का कहना था कि खराबे के कारण पशुधन के लिए चारे का संकट खड़ा हो चुका है। बाजार से ऊंचे दाम पर चारा खरीद कर लाना उनके लिए संभव नहीं है। बड़ी मुश्किल से पशुओं को पाल रहे हैं। अध्ययन दल के सदस्यों ने रेगिस्तान के बीच आबाद कुछ ढाणियों में बने पानी के टांके को न केवल देखा बल्कि इसका पानी भी टेस्ट किया। किसानों ने बताया कि भूजल खारा होने के कारण बारिश के पानी को सहेज कर टांकों में एकत्र कर रखा जाता है। पूरे साल इसका उपयोग पीने के रूप में किया जाता है। जबकि पशुओं को थोड़ा खारा पानी पिलाते है।

दल जोधपुर यात्रा पर, कलेक्टर दे रहे जानकारी

अंतर मंत्रालय केन्द्रीय संयुक्त सचिव रितेश चौहान के नेतृत्व में जोधपुर की यात्रा पर है। इस दल में विनोद गिरी व विवेक कुमार भी शामिल हैं। जिला कलेक्टर हिमांशु गुप्ता ने दल के सदस्यों को जोधपुर में अकाल के हालात के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले की दस तहसीलों के 770 गांवों में अकाल के हालात हैं। इस कारण पेयजल व पशु चारे का संकट खड़ा हो गया है। अतिरिक्त जिला कलेक्टर तृतीय हेमेंद्र नागर इस टीम के साथ हैं।

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन डाउनलोड करें – http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews

Similar Posts