महापौर मेहता ने दशहरे से पहले राम सवारी मार्ग का किया निरीक्षण
सडक़,सीवरेज,सफाई और रोड लाइट व्यवस्था सुधारने के निर्देश
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),महापौर मेहता ने दशहरे से पहले राम सवारी मार्ग का किया निरीक्षण। दशहरे के अवसर पर जोधपुर में निकलने वाली पारंपरिक रामसवारी को लेकर नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में महापौर प्रसन्नचंद मेहता और नगर निगम आयुक्त राहुल जैन ने गुरुवार को फतेहपोल से जालोरी गेट तक रामरथ सवारी के पूरे मार्ग का निरीक्षण किया।
इस दौरान निगम के अधिकारी और स्थानीय पार्षद भी साथ थे। निरीक्षण के दौरान महापौर ने रामसवारी मार्ग की सडक़ व्यवस्था, सीवरेज,सफाई और रोड लाइट की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दशहरे से पहले पूरे मार्ग की व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाए। सडक़ों पर मौजूद गड्ढों की मरम्मत करवाने,झूलते बिजली के तारों को ठीक करवाने और सीवरेज के गंदे पानी की समस्या का शीघ्र समाधान करने पर विशेष जोर दिया गया।
महापौर प्रसन्नचंद मेहता ने कहा कि नगर निगम की जिम्मेदारी है कि दशहरे के दौरान रामसवारी में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं,अखाड़ों के सदस्यों, माताओं- बहनों और दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो। इसी उद्देश्य से अधिकारियों के साथ नियमित रूप से विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि आमजन की समस्याओं का समय रहते समाधान हो सके।
कांग्रेस की दीपावली से पहले पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
उन्होंने कहा कि राम सवारी मार्ग के साथ-साथ इससे जुडऩे वाली संपर्क सडक़ों पर भी सफाई और सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा। निगम का प्रयास है कि दशहरे का पर्व स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण में मनाया जाए तथा रामसवारी के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन की सुविधा मिले।
महापौर ने बताया कि क्षेत्र में लोगों से मुलाकात के दौरान सफाई व्यवस्था को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। हालांकि,जहां भी कमियां सामने आ रही हैं,उन्हें दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है।
व्यवस्थाएं बनाना निगम की प्राथमिकता
उन्होंने स्पष्ट किया कि दशहरे से पहले रामसवारी मार्ग की सडक़,सीवरेज, सफाई और प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाना नगर निगम की प्राथमिकता है। निगम प्रशासन इस दिशा में प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है,ताकि शहर वासी और बाहर से आने वाले श्रद्धालु रामसवारी एवं दशहरा उत्सव का आनंद बिना किसी परेशानी के ले सकें।
इस दौरान पार्षद संजय दहिया,विकास राघवानी, मोनिका व्यास,कानाराम भाटी,लता व्यास, अतिरिक्त मुख्य अभियंता संपत मेघवाल,एक्सईएन संजय पुरोहित,एक्सईएन (विद्युत) जितेंद्र सिंह, स्वास्थ्य अधिकारी परिणीता सामरिया, कार्यालय अधीक्षक सलामतुल्लाह खान, सुबोध शंकर व्यास, सहित नगर निगम के सफाई विंग से जुड़े कर्मचारी मौजूद थे।
निरीक्षण के दौरान महापौर प्रसन्नचंद मेहता ने निगम अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान व व्यवस्थाओं में सुधार के कार्यों में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाए। शहर की सफाई,सडक़,रोड लाइट और सीवरेज व्यवस्था को बेहतर करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इन कार्य में लापरवाही पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
महापौर ने शहरवासियों से स्वच्छ एवं सुंदर जोधपुर बनाने में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि कचरा संग्रहण के बाद कचरा संग्रहण प्वाइंट या सडक़ पर कचरा नहीं फेंकें। शहर में यातायात के दबाव को देखते हुए सीवरेज लाइनों की सफाई रात्रि में करवाने के निर्देश दिए गए हैं,ताकि आमजन को कम से कम असुविधा हो। उन्होंने बताया कि अत्यधिक क्षतिग्रस्त सीवरेज लाइनों को बदलने का कार्य भी किया जाएगा। इस दौरान नागरिकों को कुछ असुविधा हो सकती है, ऐसे में उन्होंने शहर वासियों से नगर निगम का सहयोग करने की अपील की।
