Doordrishti News Logo

रक्षाबंधन पर राखी बंधवाने बहनों के पास गए: चोरों ने बोला धावा

  • बनाड़ में एक साथ तीन घरों से लाखों की चोरी
  • आधा किलो सोना,चांदी और नगदी पर मारा हाथ
  • कमिश्नेट पुलिस चोरों तक नही पहुंच पा रही

जोधपुर, शहर में 11 अगस्त को रक्षा बंधन मनाया गया। कई परिवार राखी बंधवाने बहनों और रिश्तेदारों के यहां पर गए। घर सूने पड़ेे रहे,चोरों को मौका लगा और वे सेंध मार गए। बनाड़ इलाके में एक साथ रात में तीन घरों पर धावा बोलकर न सिफ वहां से नगदी ले गए बल्कि भारी मात्रा में सोना चांदी तक ले गए। परिवार के लोग 12 अगस्त को घर लौटे तो दंग रह गए। चोरों ने पूरा खंगाल मारा और जो हाथ लगा वे ले गए। पुलिस ने अब सीसीटीवी फुटेज जांचने आरंभ किए है। चोरों का पता लगाने के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं।

शहर में सक्रिय हो चुके नकबजन सूने मकानों में लगातार सेंध लगा रहे हैं। कमिश्नरेट के जिला पूर्व और पश्चिम में लगातार चोरियां बढ़ रही हैं,मगर पुलिस चोरों का पता लगाने में नाकाम साबित हो रही है। बनाड़ पुलिस थाना क्षेत्र में रक्षाबंधन की रात यानी 11-12 अगस्त की रात को एक साथ तीन घरों में चोरियां हुई। यहां पर रहने वाला मूलत: तिलवासनी हाल गली नंबर 16 में तिरूपति नगर निवासी महिराम पुत्र जींयाराम विश्रोई ने रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि वे परिवार सहित रक्षाबंधन को गांव तिलवासनी बिलाड़ा गए थे। कल सुबह लौटे तो घर में चोरी का पता लगा। अज्ञात चोर घर से लाखों के सोने चांदी के जेवरात चोरी कर गए। इसी के पास में रूपनगर में नांदड़ी में रहने वाले मनोज कुमार सोनी पुत्र लक्ष्मी नारायण सोनी बताया कि वह परिवार सहित पैतृक घर मोती चौक सुनारों का बास गया था। कल जब यहां पर लौटा तो चोरी का पता लगा। अज्ञात चोर घर,दुकान से 2 किलो चांदी के जेवर,कुछ सोना और वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरों के साथ डीवीआर भी ले गए। दुकान में काफी नगदी भी रखी थी जिसे भी चोर लेकर चले गए।

इसी प्रकार रूप नगर नांदड़ी के ही गली नंबर 13 में रहने वाले राघवेंद्र सिंह पुत्र फुलवारी लाल वशिष्ठ ने रिपोर्ट दी। इसके अनुसार वह भी रक्षा बंधन पर अपने गांव गया था। 12 अगस्त को घर पहुंचा तब यहां पर चोरी का पता लगा। अज्ञात चोर घर से एक लेपटॉप, सोने का कंगन, कुंडल, टीके, रखड़ी सेट, सोने की पांच अंगुठियां, सोने का कड़ा, कंठी आदि के साथ चांदी के तकरीबन दो किलो वजनी आइटम जिनमें सिक्के, नोट, पायलों की जोडिय़ां, भगवान की प्रतिमाएं,चेनें 30 हजार की नगदी आदि ले गए।

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन डाउनलोड करें – http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews