जोधपुर जिले की 6 नगर पालिकाओं में मतदान आज

  • अंतिम प्रशिक्षण के बाद ईवीएम एवं आवश्यक निर्वाचन सामग्री के साथ रवाना हुई टीमें
  • 178 मतदान केंद्रों पर होगी वोटिंग

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जोधपुर जिले की 6 नगर पालिकाओं में मतदान आज। निकाय चुनाव के प्रथम चरण में नौ सितंबर को जोधपुर जिले की 6 नगर पालिकाओं बिलाड़ा,पिपाड़ सिटी, भोपालगढ़,बालेसर सत्ता, मथानिया और तिवंरी में बुधवार को वोटिंग होगी। इसे लेकर मतदान दलों को प्रशिक्षण देकर मंगलवार को रवाना किया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला कलक्टर),नगर पालिका चुनाव, जोधपुर आलोक रंजन ने बताया कि नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जोधपुर जिले की नगर पालिका बालेसर सत्ता, तिंवरी,बिलाड़ा,पीपाड़ शहर,मथानिया एवं भोपालगढ़ में 9 सितंबर को होने वाले मतदान के लिए नियुक्त मतदान दलों की रवानगी राजकीय महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालय जोधपुर से की गई।

मतदान दलों को रवानगी से पूर्व अंतिम प्रशिक्षण प्रदान करने के साथ ईवीएम, अभिलेख एवं अन्य आवश्यक निर्वाचन सामग्री उपलब्ध करवाई गई। संबंधित रिटर्निंग अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी की टीम द्वारा वार्ड एवं मतदान केन्द्रवार मतदान दलों को निर्धारित बैठक व्यवस्था के अनुसार निर्वाचन सामग्री का वितरण किया गया।

पुलिस आयुक्तालय में विजय जुलूस निकालने के संबंध में निषेधाज्ञा जारी

मतदान दलों के साथ में इनके सेक्टर मजिस्ट्रेट भी भेजे गए हैं। जो विशेष रूप से जो क्रिटिकल बूथ हैं उन पर नजर रखेंगे। उन्होंने बताया कि जिले की छह नगर पालिकाओं के कुल 178 मतदान केन्द्रों के लिए मतदान दालों का गठन किया गया है।

नगर पालिका भोपालगढ़ के 25 मतदान केन्द्रों के लिए कुल 28 मतदान दल गठित किए गए, जिनमें 25 सक्रिय एवं 3 आरक्षित दल हैं। नगर पालिका बिलाड़ा के 42 मतदान केन्द्रों के लिए कुल 47 दल गठित किए गए, जिनमें 42 सक्रिय एवं 5 आरक्षित दल हैं।इसी प्रकार नगर पालिका पीपाड़ शहर के 36 मतदान केन्द्रों के लिए कुल 40 मतदान दल गठित किए गए हैं, जिनमें 36 सक्रिय एवं 4 आरक्षित दल हैं।

नगर पालिका मथानिया के 25 मतदान केन्द्रों के लिए 28 दल गठित किए गए हैं,जिनमें 25 सक्रिय एवं 3 आरक्षित दल हैं। नगर पालिका बालेसर सत्ता के 25 मतदान केन्द्रों के लिए 28 मतदान दल गठित किए गए हैं, जिनमें 25 सक्रिय एवं 3 आरक्षित दल हैं। नगर पालिका तिंवरी के 25 मतदान केन्द्रों के लिए भी 28 मतदान दल गठित किए गए हैं, जिनमें 25 सक्रिय एवं 3 आरक्षित दल रखे गए हैं।

नगर निगम जोधपुर के मतदान दलों की रवानगी 10 को 
नगर निगम जोधपुर के लिए नियुक्त मतदान दलों का अंतिम प्रशिक्षण 10 सितंबर को राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय,जोधपुर (पुरुष) में सुबह 8 बजे से होगा तथा मतदान दलों की रवानगी 10 बजे से की जाएगी। वार्ड 1 से 100 तक के लिए 10 टेंटों में वार्डवार बैठक एवं प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है।

मतदान दलों एवं पुलिस कार्मिकों के आवास के लिए विद्यालय अधिग्रहित
जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला कलक्टर),(नगर पालिका) आलोक रंजन ने आदेश जारी कर नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 के लिए मतदान दलों/पुलिस कर्मी आदि के आवास व्यवस्था के लिए योमित जांगिड़ राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जोधपुर, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रेजिडेन्सी रोड, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय सरदारपुरा,राजकीय नवीन उच्च माध्यमिक विद्यालय जोधपुर, महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय जालोरी गेट, आदि विद्यालयों को अधिग्रहित किया गया है तथा 8 सितंबर से 11 सितंबर तक विद्यार्थियों के लिए इन विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने की मतदान की अपील
जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला कलक्टर) जोधपुर आलोक रंजन ने जिले वासियों से नगर निकाय आम चुनाव-2026 में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की है।

रंजन ने कहा कि नगर निकाय चुनाव लोकतंत्र की जमीनी व्यवस्था को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने आमजन से अपील की कि निर्धारित मतदान दिवस पर अपने दैनिक कार्यों में से कुछ समय निकालकर मतदान केन्द्र पर पहुंचें और अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

नगर पालिकाओं के लिए 9 सितंबर तथा जोधपुर नगर निगम के लिए 11 सितंबर को मतदान होगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मत महत्वपूर्ण है।लोकतंत्र के इस उत्सव में उत्साह पूर्वक सहभागी बनें और अपने बूथ पर पहुंचकर मतदान अवश्य करें। आमजन की सक्रिय भागीदारी से ही लोकतंत्र की आधारभूत संस्थाएं और अधिक सशक्त होंगी।