Doordrishti News Logo

जोधपुर, राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड के 33 जिलों के पदाधिकारियों की ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंस को राजभवन जयपुर से संबोधित करते हुए राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा कि स्काउट गाइड संगठन समर्पण और सेवा भाव के साथ निरंतर कार्य कर रहा है। संगठन के संरक्षक के रूप में मैं गौरवान्वित महसूस करता हूं और मेरी कामना है कि करुणा, मैत्री और अदम्य इच्छाशक्ति के साथ सभी स्काउट गाइड निरंतर गतिशीलता बनाए रखें यही मेरी शुभकामना और अपेक्षाएं हैं। इस अवसर पर राज्यपाल ने जिलों से सीधी वार्ता करते हुए कोविड-19,  फिट इंडिया हिट इंडिया, बालिका आत्मरक्षा कार्यक्रम, युवा दिवस गतिविधियों, नेशनल ग्रीन कोर, जनजाति गतिविधि,आपदा प्रबंधन, मतदान के दौरान सेवा कार्य, सांस्कृतिक क्षेत्र, स्काउट गाइड गणना, जल स्वावलंबन, नशा उन्मूलन, सड़क सुरक्षा, वृद्ध जन सेवा, स्वच्छ भारत अभियान इत्यादि के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर जोधपुर के सहायक राज्य संगठन आयुक्त विनोद जोशी सीओ स्काउट छतर सिंह पिड़ीयार सी ओ गाइड सुयश लोढा एवं निशू कंवर ने जोधपुर की उपलब्धियों का प्रस्तुतिकरण किया। कांफ्रेंस के शुभारंभ में संगठन के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने राज्यपाल का स्मृति चिन्ह एवं स्कार्फ द्वारा स्वागत किया। स्टेट चीफ कमिश्नर जेसी मोहंती द्वारा राज्य में चल रही स्काउट गाइड गतिविधियों का प्रस्तुतीकरण किया गया। समापन के अवसर पर राज्य सचिव रविनंदन भनोत द्वारा आभार व्यक्त किया गया।