नगरीय निकाय आम चुनाव-2026: मतदान दल रवाना

  • बिलाड़ा,भोपालगढ़ एवं पीपाड़ शहर के मतदान दल प्रातः 9 बजेहुए रवाना
  • तिंवरी,मथानिया एवं बालेसर सत्ता के दल दोपहर 1 बजे रवाना

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),नगरीय निकाय आम चुनाव-2026: मतदान दल रवाना। नगरीय निकाय आम चुनाव- 2026 के तहत बुधवार,9 सितंबर को होने वाले मतदान के लिए जिले की छह नगर पालिकाओं के मतदान दलों की रवानगी मंगलवार को राजकीय महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, जोधपुर से की गई। मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण प्रदान करने के साथ ईवीएम, अभिलेख एवं अन्य आवश्यक निर्वाचन सामग्री उपलब्ध करवाकर निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।

प्रतिनिधित्व नहीं मिलने पर घोसी समाज का कांग्रेस के बहिष्कार का ऐलान

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर आलोक रंजन ने बताया कि नगर पालिका बिलाड़ा,भोपालगढ़ एवं पीपाड़ शहर के मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण प्रदान कर प्रातः 9 बजे रवाना किया गया। इसी प्रकार तिंवरी,मथानिया एवं बालेसर सत्ता के मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण प्रदान करने के पश्चात दोपहर 1 बजे से मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।

मतदान दलों के साथ सेक्टर मजिस्ट्रेट,ईवीएम एवं निर्वाचन सामग्री भी रवाना
उन्होंने बताया कि सभी मतदान दलों के साथ संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं। मतदान दलों को ईवीएम, रिजर्व ईवीएम,आवश्यक अभिलेख एवं अन्य निर्वाचन सामग्री उपलब्ध करवाई गई है,ताकि मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान संबंधी सभी तैयारियों को समय पर पूर्ण किया जा सके।

क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
रंजन ने बताया कि शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए ग्रामीण क्षेत्र के 65 क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। प्रत्येक मतदान दल के साथ एक पुलिस जवान तथा सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ मोबाइल पुलिस पार्टी तैनात रहेगी। इसके अतिरिक्त रिजर्व पुलिस बल भी उपलब्ध रहेगा, जिसे आवश्यकता के अनुसार उपयोग में लिया जा सकेगा।

उन्होंने मतदान दलों को निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाए। किसी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को अवगत करवाकर उसका निराकरण सुनिश्चित किया जाए,ताकि प्रत्येक मतदाता को सुगम एवं बेहतर मतदान सुविधा उपलब्ध हो सके।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान दलों के मतदान केंद्रों पर पहुंचने के साथ ही मतदान की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा तथा 9 सितंबर को निर्धारित समय पर मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से प्रारंभ की जाएगी।