ऐवड़ चराने को लेकर दो भाईयों पर कुल्हाड़ी और लाठी से हमला
- एक का सिर फटा
- दोनों को अस्पताल में कराया भर्ती
जोधपुर,निकटवर्ती लूणी तहसील क्षेत्र में सिणली-भाटियों की ढाणी के बीच में सोमवार की दोपहर में ऐवड़ चराने की बात को लेकर दो भाईयों पर लाठी और कुल्हाड़ी से हमला किया गया। जिससे एक भाई का सिर फट गया और दूसरा भी जख्मी हो गया। पुलिस ने हत्या प्रयास में प्रकरण दर्ज कर नामजद की तलाश आरंभ की है। दोनों भाईयों का यहां मथुरादास माथुर अस्पताल में उपचार चल रहा है।
थानाधिकारी ईश्वरचंद पारिक ने बताया कि पीपरली निवासी 32 साल का पुरखाराम देवासी और उसका भाई 26 साल का गायडऱाम देवासी सोमवार की दोपहर में ऐवड़ लेकर सिणली-भाटियों के बीच मार्ग खेतों की तरफ गए थे। तब भाटियों की ढाणी सिणली निवासी देवीसिंह पुत्र अचल सिंह ने ऐवड़ की बात को लेकर टोकाटोकी की। इससे विवाद बढ़ गया।
ये भी पढ़ें- आपसी रंजिश के चलते युवक के पेट में चाकू घोंपा,अस्पताल में भर्ती
आरोप है कि देवीसिंह ने बाद में कुल्हाड़ी और लाठी से दोनों भाईयों पर हमला कर दिया। जिससे दोनों घायल हो गए। थानाधिकारी पारिक ने बताया कि दोनों को उपचार के लिए एमडीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुरखाराम के सिर पर चोट लगी है, मगर खतरे से बाहर है। नामजद देवीसिंह के खिलाफ हत्या प्रयास में प्रकरण दर्ज किया गया है। उसकी तलाश जारी है।
दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन डाउनलोड करें- http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews