Doordrishti News Logo

पाली में सीवरेज की सफाई करने उतरे तीन युवकों की मौत,एक घायल

  • मैरेज गार्डन के सीवरेज हौद में हुआ हादसा
  • बिना उपकरण के सफाई करने हौद उतरे युवक
  • जहरीली गैस से हुआ हादसा

पाली,शनिवार सुबह पाली शहर में दर्दनाक हादसा हो गया। यहां सफाई करने को सीवरेज हौद में उतरे 4 युवकों में से 3 युवकों की जहरीली गैस से मौत हो गई और एक घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार पाली शहर के नया बस स्टैंड के पास एक मैरिज गार्डन के सीवरेज हौद की सफाई करने उतरे तीन युवकों की मौत जहरीली गैस से हो गई और एक युवक गंभीर घायल हो गया। इस हादसे की सूचना पर पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और तीनों युवकों के शव बांगड़ अस्पताल मोर्चरी में रखवाया और घायल युवक को अस्पताल में भर्ती करवाया।

ये भी पढ़ें- सड़क दुर्घटनाओं में तीन युवकों की मौत

पुलिस ने बताया कि नया बस अड्डे के पास सेंचुरियन मैरेज गार्डन में अपशिष्ट डालने के लिए सीवरेज का हौद बना रखा है। यह हौद भर जाने पर शुक्रवार की रात गार्डन संचालक ने सुरक्षा उपकरणों के बिना ही सफाई के लिए चार मजदूर लगाए। जिन्हें सफाई के लिए हौद में उतारा दिया। सीवरेज के इस हौद में अपशिष्ट की वजह से बनी जहरीली गैस से सफाई करने उतरे सफाई कर्मियों की हालत बिगड़ने लगी और सांस लेने में तकलीफ होने लगी। उनके साथ आए लोगों की सूचना पर सीओ सिटी अनिल सारण,कोतवाल रविंद्रसिंह, औद्योगिक थाना प्रभारी हिंगलाज दान चारण सहित पुलिस का जाब्ता मौके पर पहुंचा। पुलिस ने एक्सपर्ट लोगों की मदद से तीनों के शवों को बाहर निकलवा कर बांगड़ अस्पताल मोर्चरी में रखवाया गया। सीओ सिटी अनिल सारण ने बताया कि पुराना बस स्टैंड निवासी मनीष हंस पुत्र चेनाराम, करण पुत्र मुकेश वाल्मीकि और वाल्मीकि बस्ती निवासी लाडू उर्फ भरत की मौत हो गई। एक युवक रितिक घायल है जिसका बांगड़ अस्पताल में इलाज चल रहा है।

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन डाउनलोड करें-http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews

Related posts: