साध्वी प्रेम बाईसा की मौत को लेकर सस्पेंस बरकरार
- साध्वी प्रेम बाईसा मृत्यु प्रकरण
- एसआईटी-एफएसएल ने खंगाला आश्रम
- पुलिस कमिश्नर भी पहुंचे
- साध्वी के पिता से पूछताछ
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),साध्वी प्रेम बाईसा की मौत को लेकर सस्पेंस बरकरार। कथावाचक साध्वी प्रेम बाईसा की मौत अब एक गहरी मिस्ट्री बनती जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आए तथ्यों ने इस पूरे मामले को और भी संदिग्ध बना दिया है। साध्वी की मौत को लेकर अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं, जिनके जवाब तलाशने के लिए विशेष जांच टीम यानी एसआईटी लगातार पड़ताल कर रही है।
मामले की तह तक जाने के लिए गठित एसआईटी ने रविवार को पाल रोड स्थित आश्रम में मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश खुद एसआईटी टीम के साथ आश्रम पहुंचे,वहीं एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही आज साध्वी के पिता से भी पूछताछ की गई।
पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश का कहना है कि हर एंगल से जांच जारी है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा। पुलिस कमिश्नर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हमारी टीम हर एक चीज को बारीकी से देख रही है। इस बात का ध्यान रखा जा रहा है कि कहीं कोई चीज पीछे छूट न जाए। इसको ध्यान में रखते हुए आज एक बार फिर से टीम के साथ यहां पहुंचे हैं।
पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश ने कहा कि शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया है। इस्टोपैथोलोजिकल रिपोर्ट के लिए एफएसएल सामग्री भेजी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ आईटी एक्सपर्ट और विसरा जांच जैसे महत्वपूर्ण तथ्यों को जोडक़र पुलिस निष्कर्ष पर पहुंचेगी। इसके साथ-साथ इस मामले की गंभीरता और जन भावनाओं के मध्य नजर सोशल मीडिया अकाउंट को देखा जा रहा है।
मामले से जुड़े लोगों के बयान लिए जा रहे हैं। इन सब की संयुक्त जांच के बाद ही हम किसी निष्कर्ष पर पहुंच पाएंगे। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि इन सभी की जांच सकारात्मक दिशा में है और शीघ्र ही साध्वी प्रेम बाईसा से जुड़े मामले में पुलिस निष्कर्ष पर पहुंच जाएगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में स्पष्ट तौर पर कुछ कॉज ऑफ़ डेथ नहीं आया है। इसलिए पैथोलॉजिकल जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे निर्णय लिया जाएगा।
खाना बनाने वाले सेवादार को भी साथ लाई पुलिस
इस दौरान साध्वी के लिए खाना बनाने वाले सेवादार सुरेश को भी पुलिस अपने साथ आश्रम लेकर पहुंची। इस दौरान पिता बीरम नाथ भी आश्रम में मौजूद रहे। पुलिस के अनुसार, मौत वाले दिन सुबह साध्वी प्रेम बाईसा के लिए खाना सेवादार सुरेश ने ही बनाया था। इसी एंगल को ध्यान में रखते हुए फॉरेंसिक टीम ने आश्रम से खाने के सैंपल लिए हैं। पुलिस अधिकारियों ने पूरे परिसर का निरीक्षण किया, और जांच से जुड़े तथ्यों को दोबारा परखा।
घटना से एक दिन पहले अजमेर से लौटी थीं साध्वी
जांच में यह सामने आया है कि साध्वी प्रेम बाईसा मौत से एक दिन पहले अजमेर से लौटी थीं। अजमेर यात्रा का उद्देश्य क्या था, वहां उन्होंने किन लोगों से मुलाकात की और किस कार्यक्रम में शामिल हुई, इन सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है। टीम अब उनकी यात्रा से जुड़े हर पहलू की टाइमलाइन तैयार कर रही है। इसके साथ ही एसआईटी ने साध्वी की संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच शुरू कर दी है। साध्वी प्रेम बाईसा के नाम पर मौजूद चल- अचल संपत्ति, ट्रस्ट,आश्रम और बैंक खातों की जानकारी खंगाली जा रही है।
जोधपुर में डॉक्टर को दिखाकर बाइक पर लौट रहे 25 हजार के इनामी तस्कर को पकड़ा
जांच एजेंसियां यह जानने की कोशिश कर रही हैं कि हाल के दिनों में किसी संपत्ति को लेकर कोई विवाद,लेन-देन या दबाव तो नहीं था। एसआईटी साध्वी की मौत से पहले के आखिरी तीन दिनों की गतिविधियों पर विशेष फोकस कर रही है। इन तीन दिनों में साध्वी किन-किन लोगों से मिलीं,किससे फोन पर बातचीत हुई और कौन उनके संपर्क में रहा,इसकी पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। कॉल डिटेल रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
