सोलर प्लांट से 40 लाख रुपए कीमत के 6 इनवर्टर चोरी
दो महीने में दूसरी बार हुई वारदात
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),सोलर प्लांट से 40 लाख रुपए कीमत के 6 इनवर्टर चोरी। जोधपुर ग्रामीण के भाटेलाई पुरोहितान स्थित एक सोलर प्लांट से चोरों ने करीब 40 लाख रुपए कीमत के 6 इनवर्टर चुरा लिए। सूचना मिलने पर बालेसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना कर मामला दर्ज किया।
प्लांट मालिक भंवरसिंह पुत्र तुलछसिंह राजपुरोहित ने पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें बताया कि सुराणी सरहद स्थित प्लॉट नंबर 1 पर उसका सोलर प्लांट है। चोरों ने शनिवार तडक़े 6 इनवर्टर चुरा लिए। एक इनवर्टर की कीमत करीब 6.06 लाख रुपए है। इनवर्टर,अन्य सामान और लेबर के नुकसान को मिलाकर करीब 40 लाख रुपए की चोरी हुई है।
दो साल से फरार टॉप-10 वांछित आरोपी गिरफ्तार
पीडि़त भंवरसिंह ने बताया इससे पहले 16 जुलाई को भी इसी प्लांट से करीब 7.5 किलोमीटर लंबी केबल चोरी हो गई थी। इससे 10.41 लाख रुपए का नुकसान हुआ था। उस समय भी बालेसर थाने में मामला दर्ज कराया गया था, लेकिन पुलिस अब तक न तो चोरों का पता लगा पाई और न ही माल बरामद कर सकी।
बालेसर थाना पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत पर चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।मामले की जांच थानाधिकारी भंवराराम विश्नोई को दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों से चोरों का सुराग लगाने में जुटी हुई है।
