रेलवे रनिंग स्टाफ के परिजनों के लिए लगाया संरक्षा मेला
- लोको पायलट परिवारों की सुरक्षा को संबल
- संरक्षा मेले में जागरूकता व स्वास्थ्य का संगम
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),रेलवे रनिंग स्टाफ के परिजनों के लिए लगाया संरक्षा मेला। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल द्वारा लोको पायलटों एवं उनके परिजनों के लिए एक दिवसीय बहुद्देश्यीय संरक्षा मेला सोमवार को यहां रेलवे क्लब में आयोजित किया गया। मेले का उद्देश्य रेलवे संरक्षा नियमों, आपातकालीन परिस्थितियों में सावधानियों तथा सुरक्षित जीवन-शैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने अपने उद्बोधन में कहा कि रेलवे संरक्षा में कर्मचारियों के साथ-साथ उनके परिवारों की जागरूकता भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सुरक्षित व्यवहार अपनाने तथा बच्चों में प्रारंभ से ही सुरक्षा संस्कार विकसित करने पर बल दिया।
डीआरएम ने रनिंग स्टाफ के परिजनों से घर में सकारात्मक एवं तनावमुक्त वातावरण बनाए रखने का आह्वान किया जिससे लोको पायलट सुरक्षित एवं संरक्षित रेल संचालन कर सकें। उन्होंने सभी रेलकर्मियों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने पर भी जोर दिया।
संरक्षा मेले के दौरान मंडल रेलवे अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी डॉ.मयंक द्वारा सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें डमी मॉडल के माध्यम से आपात स्थिति में जीवन रक्षक तकनीकों की जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर स्वयं डीआरएम द्वारा भी सीपीआर डेमोन्स्ट्रेशन प्रस्तुत किया गया।कार्यक्रम के प्रारंभ में वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (पॉवर) जोगेंद्र मीणा ने स्वागत किया तथा कार्यक्रम का संचालन मुख्य लोको निरीक्षक दुर्गाराम सेन द्वारा किया गया।
महाशिवरात्रि पर सिद्धेश्वर महादेव मंदिरों में दिनभर चला अभिषेक
मेले में लगाया शिकायत निवारण शिविर,सुनी समस्याएं
मेले के अंतर्गत कार्मिक शाखा द्वारा शिकायत निवारण शिविर आयोजित किया गया जिसमें कर्मचारियों की सेवा संबंधी समस्याओं को सुना गया और त्वरित समाधान के प्रयास किए गए। रेलवे अस्पताल द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया जिसमें रक्तचाप,शुगर सहित सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया।
इस अवसर पर मुख्य कल्याण निरीक्षक राजीव शर्मा एवं सुनील टाक द्वारा कर्मचारियों की पदोन्नति, इन्क्रीमेंट तथा रेल आवास से संबंधित शिकायतों को संकलित किया गया तथा उनके शीघ्र निवारण हेतु आवश्यक कार्यवाही की गई। अधिकारियों ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
स्वास्थ्य जांच व परामर्श शिविर में इन्होंने किया सहयोग
स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श हेतु चिकित्सकीय टीम में डॉ.विशेष बंसल (एडीएमओ),नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ मंजू कंवर,डॉ रेनू,डॉ कामिनी लड्ढा (साइकोलॉजिस्ट), नर्सिंग स्टाफ माधुरी सेन,रियाज अनवर,राकेश चौधरी,किरण शर्मा, शोकिन्दा मीणा,सुधीर साठे,संतोष गहलोत श्रीमती अमिता जैकब, सुरेश एवं महावीर शामिल थे।
मेले में कुल 122 रनिंग स्टाफ एवं उनके परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। मेले में बड़ी संख्या में लोको पायलटों एवं उनके परिवारजनों ने सहभागिता की और इसे उपयोगी एवं सराहनीय पहल बताया।
