वार्ड 50 के मतदान केन्द्र 338 पर बुधवार को होगा पुनर्मतदान

  • नगर निकाय आम चुनाव-2026
  • प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक होगा मतदान
  • कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एरिया मजिस्ट्रेट नियुक्त

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),वार्ड 50 के मतदान केन्द्र 338 पर बुधवार को होगा पुनर्मतदान। नगर निगम जोधपुर के वार्ड संख्या 50 के मतदान केन्द्र संख्या 338 की मतगणना के दौरान कंट्रोल यूनिट में खराबी आने के कारण राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान,जयपुर के निर्देशानुसार बुधवार 16 सितंबर को पुनर्मतदान कराया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर)(नगरपालिका), जोधपुर आलोक रंजन ने बताया कि उपखण्ड अधिकारी एवं उपखण्ड मजिस्ट्रेट,जोधपुर उत्तर संजय गोयल को 15 एवं 16 सितंबर (मतदान दिवस) को मतदान केन्द्र क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एरिया मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।

वार्ड 50 के मतदान केन्द्र 338 पर पुनर्मतदान के लिए सेक्टर अधिकारी नियुक्त

रिटर्निंग अधिकारी,नगर निगम जोधपुर रामकिशोर मीना ने बताया कि राजस्थान नगरपालिका (निर्वाचन) नियम,1994 के नियम 55 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए नगर निगम जोधपुर के वार्ड संख्या 50,भाग संख्या 5 के बूथ संख्या 338 पर 16 सितंबर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय (सेक्टर-7), कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड (दायां भाग) में पुनर्मतदान कराया जाएगा।

मतगणना 17 सितंबर को:-
उन्होंने बताया कि पुनर्मतदान के पश्चात 17 सितंबर 2026 को प्रातः 8 बजे से मतगणना प्रारम्भ की जाएगी।