अंगदान की सहमति देने वाले परिवार को किया सम्मानित

एसएन मेडिकल कॉलेज की टीम घर पहुंचकर जताई संवेदना

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),अंगदान की सहमति देने वाले परिवार को किया सम्मानित। अंगदान के प्रति जागरूकता का संदेश देने के लिए डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज की टीम संभावित अंगदाता गोमाराम के परिवार के घर पहुंची और परिवार की मानवीय पहल को सम्मानित किया।

गोमाराम की पत्नी सुशीला ने पति की गंभीर स्थिति के बीच मानवता की मिसाल पेश करते हुए किडनी,लीवर,हृदय एवं फेफड़ों के दान के लिए लिखित सहमति दी थी। हालांकि मरीज की गंभीर स्थिति के कारण अंगदान संभव नहीं हो पाया।

मेडिकल कॉलेज की टीम ने सुशीला एवं परिजनों से मिलकर दुःख में सहभागी बनते हुए संवेदना व्यक्त की और परिवार के साहस,करुणा और उदारता की सराहना करते हुए सम्मान एवं प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान किया।

टीम ने कहा कि अंगदान केवल एक निर्णय नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को जीवन देने का अवसर है। सुशीला जैसे परिवारों की सोच समाज को प्रेरित करती है।

अंगदान-जीवनदान के संदेश के साथ टीम ने आमजन से अंगदान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर कर अधिक से अधिक जागरूक होने की अपील की।