जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से किया संवाद,लिया फीडबैक

  • विभिन्न मतदान केन्द्रों का किया निरीक्षण
  • चुनावी व्यवस्थाओं का लिया जायजा

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से किया संवाद, लिया फीडबैक। नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर आलोक रंजन ने जोधपुर शहर के विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया एवं चुनावी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय किसान कन्या,नागौरी बेरा तथा राजकीय माध्यमिक विद्यालय, बालसमंद में स्थापित मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए मतदान प्रक्रिया की सुचारु व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान रंजन ने मतदान केन्द्रों पर उपस्थित मतदाताओं से संवाद किया तथा बूथ पर उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में उनसे फीडबैक लिया। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केन्द्रों पर मतदान संबंधी व्यवस्थाओं, मतदाताओं के आवागमन तथा बूथ स्तर पर की गई तैयारियों का अवलोकन किया।

71.95 प्रतिशत मतदान के साथ मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण सम्पन्न

उन्होंने संबंधित कार्मिकों से मतदान व्यवस्था के संबंध में जानकारी भी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान एरिया मजिस्ट्रेट उमेश मीणा सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित थे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान के बाद लिया जायजा। नगर निगम जोधपुर आम चुनाव-2026 के तहत उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) जवाहर चौधरी ने शुक्रवार को वार्ड संख्या 8 के भाग संख्या 5 स्थित सामुदायिक भवन 2, लक्ष्मी नारायण मंदिर मतदान केन्द्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के पश्चात चौधरी ने बताया कि मतदान केन्द्र पर मतदान प्रक्रिया सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संचालित हो रही है।

उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्र पर मतदाताओं के लिए सहज वातावरण है तथा मतदाता क्रमबद्ध रूप से मतदान कर रहे हैं। मतदान में न्यूनतम समय लग रहा है और मतदाताओं में मतदान को लेकर उत्साह एवं उमंग भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।