Doordrishti News Logo

जोधपुर, कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ऩे के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने नो मास्क-नो मूवमेंट अभियान शुरू करने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री के निर्देश पर नगर निगम दक्षिण में सिविल डिफेंस के साथ मिलकर अभियान का आगाज किया है।

नगर निगम आयुक्त दक्षिण डॉ अमित यादव ने बताया कि बढ़ते कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ऩे के लिए मास्क पहनना बहुत ही आवश्यक है।  मास्क पहनने के प्रति लोगों में जागरूकता लाने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने नो मास्क नो मूवमेंट अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। इसको लेकर नगर निगम दक्षिण ने सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों के साथ मिलकर अभियान की शुरुआत की है।

अभियान के तहत प्रत्येक दिन सिविल डिफेंस और नगर निगम के कर्मचारी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रत्येक वार्ड में जाएंगे और लोगों को मास्क पहनने के लिए प्रेरित करेंगे। इस दौरान सिविल डिफेंस के स्वयंसेवक आमजन को मास्क व कोरोना जागरूकता से संबंधित पेम्पलेट वितरित करेंगे। यादव ने कहा कि हमारा प्रयास है कि घर से निकलने वाला प्रत्येक व्यक्ति मास्क पहन कर घर से बाहर निकले ताकि कोरोना के संक्रमण पर जल्द काबू पाया जा सके।