आदर्श नगर में घर घर घूमे भगवान गणपति

  • कॉलोनी में बाजेगाजे के साथ निकली गणपति की शोभायात्रा
  • ढोल थाली की सुमधुर धुन पर झूमे श्रद्धालु
  • गणपति को रिझाने को नृत्य में शामिल हुए सभी उम्र के श्रद्धालु
  • मंदिर प्रांगण में मंत्रोच्चार से किया विसर्जन
  • गणपति बप्पा मोरिया,अगले बरस तू जल्दी आ के नारों से गूंजा परिसर

जोधपुर(डीडीन्यूज),आदर्श नगर में घर घर घूमे भगवान गणपति।चौपासनी हाउसिंग बोर्ड के 20-E सेक्टर स्थित आदर्श नगर में  बाजे गाजे के साथ शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के मार्ग पर आए घरों के निवासियों ने गणपति पूजन किया और शोभायात्रा पर पुष्प वर्षा किया।

चौपासनी हाउसिंग बोर्ड के 20E सेक्टर आदर्श नगर में शनिवार शाम पांच बजे पूजन कर भगवान गणपति की आरती की गई। उसके बाद ढोल थाली और गजानंद के जयघोष के साथ शोभा यात्रा निकाली। उससे पूर्व बादलों ने भगवान गणपति का अभिषेक किया। हल्की बारिश से हुए खुशनुमा मौसम में निकली शोभायात्रा में महिलाएं,पुरुषों और बच्चों ने तो नृत्य किया ही इसमें बड़े बुजुर्ग भी अपने आप को रोक नहीं सके।

शोभायात्रा आदर्श नगर के निर्धारित मार्ग से निकली तो इस मार्ग में पढ़ने वाले घरों के परिवार ने अपने घर आए गणपति का पूजन किया और शोभा यात्रा में पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। पूरे रास्ते में जगह जगह स्वागत,पुष्प और गुलाल वर्षा और ढोल थाली की धुन पर नृत्य करते हुए शोभा यात्रा मंदिर पार्क में पहुंची।

पार्क में पहले से ही तैयार जल कुंड में मंदिर के पुजारी पंडित रमेश श्रीमाली ने मंत्रोच्चार से पूजन किया,उसके बाद कॉलोनी के बच्चों को विसर्जन के लिए आमंत्रित किया गया। सभी बच्चों ने युवाओं के सहयोग से भगवान गणपति के जयकारों के साथ प्रतिमा को विधिविधान से जलकुंड में विसर्जित किया। इस तरह हषोल्लास और भक्ति भरे माहौल में गणपति विसर्जन किया गया। विसर्जन के बाद मंदिर में पूजन और आरती कर गणपति को अगले वर्ष आने की कामना करते हुए 10 दिन तक चला गणेश उत्सव संपन्न हुआ।

वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा 7 से 12 सितंबर तक

इससे पूर्व दस दिनों तक चले गणपति महोत्सव के तहत प्रत्येक दिन सुबह शाम गणपति पूजन किया गया। प्रत्येक दिन की पूजा में अलग अलग परिवार यजमान बने। इसी प्रकार गणपति विसर्जन की पूर्व संध्या पर रिद्धि सिद्धि के दाता भगवान गणेश को छप्पन भोग अर्पित किया गया। इस आयोजन की विशेषता यह रही कि क्षेत्र की महिलाओं ने अपने घर पर अपने हाथों से विभिन्न प्रकार के व्यंजन तैयार कर भगवान गणेश के समक्ष झांकी सजाई।

उसके बाद भजन संध्या का आयोजन किया गया। जिसमें भजन गायिका मीरा झाला पार्टी की ओर से एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी गई। गणपति,शिव शंकर, माता और कृष्ण के भजनों में क्षेत्र के लोग झूम उठे। महिलाओं ने भजनों पर आकर्षक नृत्य किया। कार्यक्रम में कॉलोनी सभी लोगों, महिलाओं और बच्चों का विशेष सहयोग रहा। दस दिवसीय गणेश महोत्सव के तहत क्षेत्र के निवासियों में  उत्साह चरम पर था।