गणेश चतुर्थी पर्व पर गणेश प्रतिमाओं को स्थापित कर किया पूजन

आदर्श नगर के सिद्धेश्वर मंदिर में स्थापित की गणपति प्रतिमा

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),गणेश चतुर्थी पर्व पर गणेश प्रतिमाओं को स्थापित कर किया पूजन। शहर में सोमवार को गणेश चतुर्थी पर्व पर गणपति महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। भगवान गणेश के जन्मोत्सव गणेश चतुर्थी पर शहर के मंदिरों और घरों में गणपति की पूजा- अर्चना की गई। इस अवसर पर मंदिरों को आकर्षक रूप से सजाया गया।

चौपासनी हाउसिंग बोर्ड के सेक्टर 20E स्थित आदर्श नगर में कालोनी वासियों की ओर से आयोजन समिति ने गणेश चतुर्थी पर्व पर सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में प्रातः ग्यारह बजे से प्रथम पूज्य भगवान गणपति की ईकोफ्रेंडली मिट्टी की सुसज्जित आकर्षक प्रतिमा का पंडित ने विधिवत पूजन कर स्थापित किया। प्रतिमा स्थापना के बाद गणपति की सामूहिक आरती की गई,जिसमें कॉलोनी के लोग शामिल हुए। प्रतिमा स्थापित करने के लिए कल शाम से ही आयोजन समिति जुटी हुई थी। मंदिर में आकर्षक सजावट की गई। आरती के बाद सभी को प्रसाद वितरित किया गया। शाम को भी आरती की गई। अनंत चतुर्दशी तक प्रत्येक दिन सुबह शाम को अलग अलग घरों की ओर से गणपति पूजन होगा, जिसमें क्षेत्र के सभी श्रद्धालु शामिल होंगे। अनंत चतुर्दशी को आदर्श नगर के सभी क्षेत्रों में गणपति का बाजेगाजे के साथ जुलूस निकाला जाएगा। अंत में सायंकाल मंदिर पार्क में विधिवत विसर्जन किया जाएगा। यह आयोजन आदर्श नगर के निवासियों के सहयोग से हो रहा है।

शहर के प्रमुख गणेश मंदिर रातानाडा स्थित गणेश टेकरी, सोजती गेट स्थित गणेश मंदिर, झलामंड स्थित इच्छापूर्ण गणेश मंदिर,जूनी मंडी स्थित सिद्धि विनायक मंदिर,जूनी धान मंडी स्थित गुप्त गणपति मंदिर में दिनभर दर्शन के लिए भीड़ लगी रही।

विद्यालय में मनाया गया हिंदी दिवस

शहर के सभी गणेश मंदिरों पर गणेश चतुर्थी पर दिनभर धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। रातानाडा स्थित गणेश मंदिर में चतुर्थी के दिन भगवान गणेश का पंचामृत स्नान एवं अभिषेक कर पांच रेशमी पोशाक और गहनों के साथ श्रृंगार किया गया। मंदिर में सुबह भगवान गणेश की महाआरती हुई। इसमें भगवान गणेश का विशेष श्रृंगार के साथ 25 हजार पंचमेवा चूरमा लड्डुओं का भोग लगाया गया।

यहां सुबह महाआरती से पहले श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गई थी।

जूनी मंडी स्थित सिद्धि गणेश मंदिर,सिद्ध विनायक मंदिर,जूना खेड़ापति हनुमान मंदिर, जूनी धान मंडी स्थित गुप्त गणपति मंदिर में भी दिनभर भीड़ रही। गोल बिल्डिंग चौराहे पर गणेश प्रतिमा की स्थापना सोमवार को विधि विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ की गई। अनंत चतुर्दशी तक चलने वाले गणेश उत्सव के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। गणेश प्रतिमा स्थापना से पूर्व शोभा यात्रा निकाली गई जो विभिन्न मार्गों से होते हुए गोल बिल्डिंग चौराहे पर पहुंची।

गणेश महोत्सव समिति के प्रवक्ता अशोक माथुर ने बताया कि गणेश प्रतिमा स्थापना पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गणेश जी की आरती उतारी गई।जिसमें समिति के अध्यक्ष मुकेश लोढ़ा,उपाध्यक्ष अजय सियोता, पंकज मालवीय,भुवनेश खनालिया,मन्नू परिहार, सचिव निरंजन चौधरी, ओम शांति संगठन अध्यक्ष हमीराज शर्मा, पुरूषोत्तमदास खमेसरा, टीनू रूपाणी,देवीसिंह सोलंकी, अशोक सोलंकी,ललित खत्री, टीकम चांदोरा आदि उपस्थित थे।

उन्होंने बताया कि उत्सव के पहले दिन श्रद्धालुओं ने गणेश जी का चंदन वंदन,धूप दीप के साथ पूजा अर्चना की। यहां प्रतिदिन सुबह शाम गणेश जी की आरती के साथ विविध धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन किए जाएंगे। सूरसागर स्थित गणेश मंदिर परिसर को फूल मंडली से आकर्षक रूप से सजाया गया है।

मंदिर के पुजारी पंडित किशन लाल गौड़ ने बताया कि गणेश चतुर्थी के अवसर पर मंदिर में विराजित भगवान गणेश की चमकारी प्रतिमा का विधि- विधान से पंचामृत स्नान एवं अभिषेक किया गया।