सरकार विफल,कांग्रेस की योजनाओं को किया कमजोर-डोटासरा
जोधपुर(डीडीन्यूज)। सरकार विफल,कांग्रेस की योजनाओं को किया कमजोर-डोटासरा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि प्रदेश सरकार हर मोर्चें पर विफल साबित हो रही है। इस सरकार ने कांग्रेस की योजनाओं को कमजोर कर दिया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य योजनाओं को भी कमजोर कर डाला। वे आज जोधपुर प्रवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
इसे भी पढ़िएगा – आठ साल की मासूम चेचेरी बहन से भाई ने की अश्लील हरकतें,पॉक्सो में केस दर्ज
डोटासरा ने कहा कि प्रदेश में सरकार जैसी चीज है ही नहीं। इस सरकार ने कांग्रेस की योजनाओं को कमजोर करने के साथ चिकित्सा व शिक्षा की योजनाओं को भी कमजोर कर दिया। उन्होंने कहा कि 800 कामों की समीक्षा शुरू की उसका क्या हुआ पता नहीं है।
उन्होंने कहा कि अवैध बजरी का कारोबार इनसे मिले हुए लोग कर रहे हैं। सोलर के लिए बड़े उद्योग पतियों को जमीन दे रहे हैं, इससे रोजगार नहीं मिलेगा।फर्जी एमओयू करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने संकल्प पत्र में कहा शिक्षकों के पद भर देंगे,मगर सवा लाख पद रिक्त है। ट्रांसफरों में भी बड़ा भ्रष्टाचार हो रहा है।
कांग्रेस संगठन को और मजबूत करने को लेकर डोटासरा ने कहा कि जिला स्तर पर मैं मीटिंग लूंगा और जो सक्रिय हैं उन्हें काम देंगे और जो निष्क्रिय है उन्हें आराम देंगे। 55 हजार बूथों पर अध्यक्ष बनाए जाएंगे। इस सरकार की नाकामियों पर संगठन के लोग काम करेंगे। आरक्षण पर कहा कि आरक्षण राजस्थान में सरलीकृत किया जा सकता है तो केंद्र में क्यों नहीं।
इससे पूर्व सुबह कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का जोधपुर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उत्तर जिलाध्यक्ष सलीम खान और दक्षिण जिलाध्यक्ष नरेश जोशी के नेतृत्व में स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने उनका माल्यार्पण किया और साफा बांध कर स्वागत किया। डोटासरा ने आज कांग्रेस के शहर व देहात जिलों के कार्यकर्ताओं की बैठक भी ली। वह रविवार सुबह वायुमार्ग से जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।