आपसी लेन देन के विवाद में होटल पर फायरिंग, तोडफ़ोड़ का आरोप

लूटपाट के साथ हफ्ता वसूली का आरोप

जोधपुर, शहर के निकटवर्ती देसूरिया खारलोन गांव में आपसी लेन देन के विवाद में रात को एक होटल पर फायरिंग की गई। बदमाशों ने लाठियों लेकर होटल में तोडफ़ोड़ की और गाड़ी में भाग गए। होटल मालिक की तरफ से कुछ लोगों को नामजद करते हुए केस दर्ज करवाया गया है। मौका स्थल पर पहुंच पुलिस ने मुआयना किया और गोली का खोल बरामद किया है। अब नामजद बदमाशों की तलाश की जा रही है। करवड़ थाने के एसआई चंद्रकिशोर ने बताया कि घटना के संबंध में देसूरिया खारलोन के रहने वाले हुकम सिंह पुत्र चंद्र सिंह की तरफ से रिपोर्ट दी गई।

इसमें बताया कि रात को वह अपनी होटल भवानी रेस्टोरेंट में सो रहा था। तब मोहनसिंह, जेठूसिंह, पेपसिंह, भंवर सिंह आदि स्कार्पियों लेकर आए और रात को उसे जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। साथ ही लाठियों से तोडफ़ोड़ की। गल्ले से 4 हजार रूपए लूटने के साथ ही 5 हजार रूपए हफ्ता मांगने लगे। बाद में बदमाश फरार हो गए।

एसआई चंद्रकिशोर के अनुसार इनके बीच पहले से लेन देन के विवाद को लेकर रंजिश चली आ रही है। हुकमसिंह पहले शराब ठेका चलाता था। उसने वाटसएप ग्रुप पर कोई मैसेज डाले थे। तब से इनके बीच अदावत चल रही है। लेन देन के विवाद को लेकर भी पड़ताल की जा रही है। 6 दिसम्बर को भी दोनों पार्टियों में विवाद और झगड़ा हुआ था। जिस बारे मेें भी पहले क्रॉस केस दर्ज हो रखा है। उसकी अलग से जांच की जा रही है। फिलहाल बदमाशों का पता लगाया जा रहा है।

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन अभी डाउनलोड करें – http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews