मुख्यमंत्री भजनलाल की जालोरी गेट पर होगी आमसभा
भीतरी शहर में निकलेगा भव्य रोड शो
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),मुख्यमंत्री भजनलाल की
जालोरी गेट पर होगी आमसभा। नगर निगम चुनाव-2026 में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार को गति देने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज जोधपुर प्रवास पर रहेंगे। मुख्यमंत्री के प्रवास को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
जोजरी नदी में केमिकल युक्त पानी छोड़ने पर तीन पर केस दर्ज
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जोधपुर प्रवास के दौरान जालोरी गेट पर आमसभा का आयोजन किया जाएगा,जिसमें हजारों कार्यकर्ताओं एवं आमजन के शामिल होने की संभावना है। आमसभा के पश्चात मुख्यमंत्री के नेतृत्व में रोड शो आयोजित किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि मुख्यमंत्री का रोड शो जालोरी गेट से प्रारंभ होकर भीतरी शहर के विभिन्न प्रमुख बाजारों से होते हुए आड़ा बाजार, सर्राफा बाजार,कपड़ा बाजार,कटला बाजार से होकर घण्टाघर पहुंचेगा, जहां रोड शो का समापन होगा। रोड शो में रथ विशेष रूप से सजाया जायेगा। भारतीय जनता युवा मोर्चा के सैकड़ो कार्यकर्ता दुपहिया वाहनों पर रथ के साथ चलेंगे, जबकि बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता पैदल रोड शो में शामिल होंगे।
आमसभा स्थल एवं रोड शो मार्ग का लिया जायजा
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिलाध्यक्ष राजेन्द्र पालीवाल के नेतृत्व में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जालोरी गेट स्थित आमसभा स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान आमसभा स्थल पर मंच,प्रवेश एवं निकास व्यवस्था,कार्यकर्ताओं एवं आमजन के बैठने की व्यवस्था,यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
भाजपा संभाग मीडिया संयोजक जगदीश धाणदिया ने बताया कि पदाधिकारियों ने रोड शो के निर्धारित मार्ग का भी निरीक्षण किया तथा मार्ग में आने वाले प्रमुख स्थानों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी। जिलाध्यक्ष राजेन्द्र पालीवाल ने कहा कि जिला संगठन द्वारा मुख्यमंत्री के स्वागत एवं कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
भाजपा पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में आमसभा एवं रोड शो में सहभागिता कर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने का आह्वान किया है।
