राष्ट्रीय एकता मोटर साइकिल रैली ने दिया नशा मुक्त भारत का संदेश
- जयपुर के अल्बर्ट हॉल से अजमेर के लिए रवाना हुई रैली
- करीब 150 मोटरसाइकिल सवारों ने लिया भाग
जोधपुर/जयपुर (दूरदृष्टीन्यूज),राष्ट्रीय एकता मोटर साइकिल रैली ने दिया नशा मुक्त भारत का संदेश। राष्ट्रीय एकता और नशा मुक्ति का संदेश लेकर निकली राष्ट्रीय एकता मोटर साइकिल रैली 21 अक्टूबर को जयपुर पहुंची। स्वापक नियंत्रण ब्यूरो की जयपुर क्षेत्रीय इकाई के सहयोग से आयोजित इस अभियान का उद्देश्य नशीले पदार्थों के दुरुपयोग और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाना तथा राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना है।
रैली के राजस्थान पहुंचने पर स्वापक नियंत्रण ब्यूरो की जयपुर क्षेत्रीय इकाई ने बहरोड़ में इसका स्वागत किया। यहां आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में करीब 300 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों और नशा मुक्त समाज के निर्माण में सामूहिक प्रयासों की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। इसके बाद रैली ब्यूरो की जयपुर टीम के साथ राजधानी पहुंची।
अल्बर्ट हॉल से अजमेर के लिए दिखाई हरी झंडी
गुरुवार को जयपुर के रामनिवास बाग स्थित अल्बर्ट हॉल से राजस्थान के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने रैली को अजमेर के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के पश्चिमी क्षेत्र के उप महानिदेशक मनीष कुमार,जयपुर क्षेत्रीय इकाई के क्षेत्रीय निदेशक अभिषेक नारायण सिन्हा सहित राजस्थान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
स्कूल के पास से जीप चोरी नहीं लगा पता
समारोह के दौरान क्षेत्रीय निदेशक अभिषेक नारायण सिन्हा ने स्वापक नियंत्रण ब्यूरो की भूमिका,राजस्थान में उसकी गतिविधियों और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध लड़ाई में जनभागीदारी महत्वपूर्ण है। नागरिकों से अपील की गई कि वे मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी सूचनाएं साझा करें और जरूरत पडऩे पर राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन 1933 के माध्यम से सहायता प्राप्त करें।
150 मोटरसाइकिल सवारों की सहभागिता
रैली की व्यवस्थाओं से जुड़े राजस्थान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक वीके सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक श्वेता धनखड़,जयपुर के पुलिस उपायुक्त करण शर्मा तथा पुलिस उपायुक्त रंजीता शर्मा सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। विभिन्न पुलिस बलों और केंद्रीय संगठनों के अधिकारियों की मौजूदगी ने नशे के विरुद्ध साझा प्रयासों और विभागों के बीच समन्वय का संदेश दिया।
इस रैली में विभिन्न पुलिस बलों और केंद्रीय संगठनों का प्रतिनिधित्व करते हुए करीब150 मोटरसाइकिल सवारों ने भाग लिया। रैली के माध्यम से राष्ट्रीय एकता,सामाजिक सद्भाव और नशे की समस्या के विरुद्ध सामूहिक प्रतिबद्धता को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
राष्ट्रीय एकता दिवस से जुड़ा अभियान
यह अभियान 31 अक्टूबर को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस से जुड़ा है। जनसंपर्क,जागरूकता कार्यक्रमों व विद्यार्थियों एवं नागरिकों से संवाद के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
स्वापक नियंत्रण ब्यूरो की जयपुर क्षेत्रीय इकाई ने युवाओं,शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से इस राष्ट्रीय अभियान से जुडऩे तथा नशा मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने में योगदान देने की अपील की है।
