भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा का राजस्थान में तूफानी दौरा

जोधपुर,भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने राज्य विधान सभा के चुनाव के मद्देनजर सोमवार को राजस्थान का तूफानी दौरा किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उदयपुर एवं जोधपुर में दो संभाग की चार बैठकें करके विधान सभा चुनाव के संबंध में पार्टी पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संभाग पदाधिकारियों से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हुए जनकल्याण एवं विकास कार्यों को जनजन तक पहुंचाएं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार एवं कानून व्यवस्था के ध्वस्त हालात से जनता को अवगत कराएं। नड्डा ने सोमवार सुबह दस बजे से उदयपुर के होटल हावर्ड जॉनसन में उदयपुर संभाग के पदाधिकारियों के साथ दो बैठक की। इस बैठक में भारतीय जनता पार्टी के जिलामंत्री गजपाल सिंह,संभाग प्रभारी दामोदर अग्रवाल,जिलाध्यक्ष शहर रविन्द्र श्रीमाली सहित संभाग के पदाधिकारी उपस्थित थे। उदयपुर संभाग की पहली बैठक में उदयपुर शहर,उदयपुर ग्रामीण,चित्तौढ़ और प्रतापगढ़ के पदाधिकारी शामिल हुए। उदयपुर संभाग की दूसरी बैठक में डूंगरपुर, बांसवाडा और राजसमंद के पदाधिकारी शामिल हुए। उदयपुर संभाग के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा जोधपुर के लिए रवाना हुए। इससे पहले उदयपुर एयरपोर्ट पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा का उदयपुर सांसद अर्जुन मीणा, विधायक फूलसिंह मीणा,उप महापौर पारस सिंघवी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भव्य स्वागत किया। नड्डा ने जोधपुर के कस्तूरी ऑरचिड में जोधपुर संभाग के पदाधिकारियों के साथ दो बैठक की। इस बैठक में भारतीय जनता पार्टी के जोधपुर संभाग के प्रभारी जगवीर छाबा, जिलाध्यक्ष शहर देवेन्द्र सालेचा, महापौर वनिता सेठ सहित संभाग के पदाधिकारी उपस्थित थे। जोधपुर संभाग की पहली बैठक में जलौर, सिरोही,बाडमेर,बालोतर और जैसलमेर के पदाधिकारी उपस्थित हुए। जोधपुर संभाग की दूसरी बैठक में जोधपुर शहर,ग्रामीण उत्तर,दक्षिण और पाली के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक से पूर्व जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का सांसद गजेन्द्र सिंह शेखावत,सांसद राजेन्द्र गहलोत और सांसद पीपी चौधरी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।

यह भी पढ़ें – घरेलु काम के लिए मेरिड कपल भेजने की बात पर धोखाधड़ी

नड्डा ने उदयपुर एवं जोधपुर संभाग के पदाधिकारियों से कहा कि सीएम अशोक गहलोत की कांग्रेस सरकार से राजस्थान की जनता त्रस्त्र है। अशोक गहलोत सरकार में भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा है। हर दिन बढ़ते अपराध से हर एक आदमी परेशान है। राजस्थान में आए दिन पेपर लीक जैसे मामले उजागर हो रहे हैं। गहलोत सरकार ने नौकरी की परीक्षा घपले-घोटाले करके युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया है,जो असहनीय है। अशोक गहलोत कैबिनेट के एक मंत्री ने एक लाल डायरी को सार्वजनिक करके उनके भ्रष्टाचार की पुष्टि कर दी है। राजस्थान में किसानों से लेकर आदिवासी, दलित,पिछड़ा,युवा,महिला सहित सभी लोग भ्रष्टाचार से त्राहिमाम हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि भाजपा के कार्यकर्ता लोगों के घर-घर जाकर अशोक गहलोत के भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूक करें। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि अशोक गहलोत की सरकार में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। कांग्रेस ने तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति करने के चक्कर में प्रदेश में कानून व्यवस्था की धज्जियाँ उड़ा दी। राजस्थान में प्रतिदिन औसतन 17 से 18 बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं। महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले में आज राजस्थान देश में पहले स्थान पर पहुंच गया है,जो बहुत ही दुःखद है। उन्होंने निर्देश दिया कि भाजपा के हर कार्यकर्त्ता जनजन से मुलाकात कर गहलोत सरकार के भ्रष्टाचार और बढ़ते अपराध के खिलाफ जागरूक करे।

दूरदृष्टि न्यूज़ की एप्लीकेशन यहाँ से इनस्टॉल कीजिए – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews