Doordrishti News Logo

जिले में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता सामान्य

  • जिला रसद अधिकारी ने कहा आमजन को घबराने की आवश्यकता नहीं
  • ऑयल कंपनियों के डिपो एवं पेट्रोल पंपों का निरीक्षण
  • कालाबाजारी एवं अवैध भंडारण पर होगी सख्त कार्रवाई

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जिले में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता सामान्य। जिला कलक्टर आलोक रंजन के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला रसद अधिकारी द्वारा जोधपुर जिले में स्थित तीनों ऑयल कंपनियों के डिपो पर पहुंचकर जांच एवं समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित ऑयल कंपनियों द्वारा उपलब्ध कराई गई रिपोर्ट का अवलोकन किया गया।

प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार अप्रैल 2025 की तुलना में अप्रैल 2026 में पेट्रोल एवं डीजल की बिक्री अधिक पाई गई। इसी प्रकार मई 2025 की तुलना में मई 2026 में आज दिनांक तक लगभग 20 से 25 प्रतिशत अधिक बिक्री दर्ज की गई है।

इसके अतिरिक्त जिला रसद कार्यालय की टीमों द्वारा जिले के विभिन्न कंपनियों के 20 पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान 17 पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता एवं स्थिति सामान्य पाई गई। 3 पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल एवं डीजल का स्टॉक अपेक्षाकृत कम पाया गया। संबंधित पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा इंडेंट की मांग की गई है। इस पर संबंधित ऑयल कंपनियों को निर्देशित किया गया कि उक्त इंडेंट को शीघ्र पूर्ण करते हुए आज ही संबंधित पेट्रोल पंपों हेतु ईंधन सप्लाई सुनिश्चित की जाए।

लिफ्ट कैनाल में आया पानी 50 घंटे में पहुंचेगा जोधपुर

वर्तमान स्थिति के अनुसार जिले में पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता सामान्य बनी हुई है तथा आमजन को ईंधन की आपूर्ति सुचारु रूप से की जा रही है।

जिला रसद अधिकारी ने आमजन से अपील की है कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर स्थिति सामान्य है तथा अकारण पेट्रोल एवं डीजल का भंडारण नहीं करें। अवैध भंडारण अथवा कालाबाजारी की स्थिति पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के अंतर्गत सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिसमें अधिकतम 7 वर्ष तक के कारावास का प्रावधान है।